श्रद्धा मर्डर केस में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगा है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जंगल में मिली हड्डियां श्रद्धा की ही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक श्रद्धा के पिता के ब्लड सैंपल के डीएनए से टाइल्स पर मिले खून और हड्डियों के नमूने का मिलान हो गया है। फॉरेंसिक टीम के सूत्रों ने दिल्ली पुलिस को मौखिक रूप से जानकारी दी है, पूरी रिपोर्ट देने में अभी कुछ दिन का वक्त लग सकता है। पुलिस को अब एफएसएल की फाइनल रिपोर्ट का इंतजार है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर सागर प्रीत हुड्डा के मुताबिक, श्रद्धा हत्याकांड से जुड़े मामले में डीएनए जांच से जुड़ी सीएफएसएल की रिपोर्ट नहीं मिली है, फिलहाल औपचारिक तौर पर रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़ी सूचना दी जाएगी। इस भयानक हत्याकांड की जांच जारी है। अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी आफताब का 2 बार पॉलीग्राफ टेस्ट किया जा चुका है। उससे करीब 19 घंटे तक पूछताछ की गई है। आफताब से करीब 40 सवाल पूछे गए। लेकिन आफताब ने अब तक इस हत्याकांड से जुड़ा पूरा सच नहीं बताया है। आज आफताब की पुलिस रिमांड भी खत्म हुई जिसके बाद बताया जा रहा है की उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उधर, आरोपी आफताब अमीन पूनावाला से पॉलिग्राफ टेस्ट के दौरान हैरान कर देने वाली जानकारी मिली। रोहिणी एफएसएल के विशेषज्ञों के अनुसार, आफताब ने श्रद्धा की हत्या गुस्से में नहीं, बल्कि साजिश के तहत की है। साथ ही वारदात से पहले बॉलीवुड फिल्म दृश्यम देखी थी। आफताब ने बताया कि उसे दृश्यम पार्ट-दो का इंतजार था। वह श्रद्धा की हत्या करने के बाद कोई कहानी बनाने की फिराक में था। उसने साजिश के तहत श्रद्धा की हत्या की। हत्या करने के बाद श्रद्धा के दोस्तों, परिजनों से लगातार बात कर ऐसे सबूत बनाता रहा, ताकि बाद में निर्दोष साबित होने में कोई परेशानी न हो। ये बातें आफताब के गुरुवार को पौने नो घंटे तक चले पॉलिग्राफी टेस्ट के दौरान सामने आईं।



