Bhishm Sharma: जंतर मंतर पर छात्रों के साथ हुई हिंसा और मारपीट बहुत ही दुखद: भीष्म शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : आज देश की राजधानी दिल्ली में छात्रों के साथ जिस तरीके का व्यवहार भाजपा के द्वारा किया जा रहा है वह ना सिर्फ निंदनीय है बल्कि बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है, ऐसा कहना है घोंडा विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक भीष्म शर्मा का। पुलिस के द्वारा छात्रों के ऊपर बल का प्रयोग किया गया, उनके ऊपर लाठीचार्ज किया गया, उनके ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, उनके साथ जोर जबरदस्ती की गई, इस घटना ने ना सिर्फ पूरे देश को शर्मसार किया है बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र की भी धज्जियां उड़ाई है। श्री शर्मा ने कहा कि जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र किसी राजनीतिक पार्टी के नहीं थे, वह इस देश की जनता थी, वह वे छात्र थे जो भाजपा के कुशासन में लगातार हो रहे पेपर लीक से परेशान थे, वह वो छात्र थे जो इस देश की बुरी शिक्षा व्यवस्था से परेशान थे, वह वे छात्र थे जिनकी कई वर्षों की मेहनत पेपर लीक की वजह से पानी में चली गई, वह वे छात्र थे जिनका भविष्य अंधकार में चला गया पेपर लीक के कारण और उनके ऊपर इस तरह से अत्याचार करना भाजपा की तानाशाही को, भाजपा की देशविरोधी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब किसी छात्र की तरक्की होती है तब तो भाजपा और नरेंद्र मोदी फटाफट से उसका श्रेय लेने पहुंच जाते हैं लेकिन आज जब वही छात्र भाजपा और नरेंद्र मोदी के शासन में हो रहे पेपर लीक पर उनसे सवाल पूछ रहे है, देश की खराब शिक्षा व्यवस्था पर सवाल पूछ रहे है तो उन्हें जवाब देने की बजाए उनको लाठियों से पिटवाया जा रहा है, उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है जैसे वो आतंकवादी हो, यह तानाशाही नहीं तो और क्या है। श्री शर्मा ने कहा कि आज पूरे विश्व में भारत देश की सरकार का तिरस्कार हो रहा है, लोग भाजपा को इंसानियत का दुश्मन कह रहे है, विश्वगुरु का तो पता नहीं लेकिन भारत देश पूरे विश्व के आगे शर्मसार जरूर हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत देश ऐसा देश है जहां सरकार से सवाल पूछने पर छात्रों को, महिलाओं को, बच्चों को जवाब नहीं दिया जाता बल्कि उनको डंडों से पीटा जाता है, उनके साथ बदसलूकी की जाती है।



