दिल्ली सरकार की योजनाएं हवा हवाई होती है : हाजी जरीफ
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के आधुनिकीकरण और कायाकल्प के लिए ‘मिशन सक्षम’ और ‘मिशन कायाकल्प’ की शुरुआत की है। दिल्ली सरकार का दावा है कि इसके तहत शालीमार गांव के सरकारी स्कूल में देश के पहले ए आई इंटीग्रेटेड स्मार्ट टॉयलेट, एसटीईएम लैब और आधुनिक कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया है। इसी विषय पर बात करते हुए कबीर नगर वार्ड के निगम पार्षद हाजी जरीफ ने कहा कि दिल्ली सरकार की सभी योजनाएं, सभी घोषणाएं सिर्फ और सिर्फ झूठी, खोखली और हवा हवाई होती है, धरातल पर दिल्ली सरकार कोई काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार यह सभी योजनाएं सिर्फ जनता को भ्रमित करने के लिए बनाती है ताकि लोगों में यह संदेश जाए कि दिल्ली सरकार दिल्ली की जनता की बेहतरी के लिए बहुत कार्य कर रही है लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। श्री जरीफ ने कहा कि इससे पहले भी दिल्ली सरकार ने दिल्ली में स्कूलों के विकास के लिए कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया था लेकिन आज वह सभी योजना कहां है? अगर कोई योजना पर काम चल भी रहा है तो बार बार नई योजनाओं की घोषणा क्यों की जा रही है? उन्होंने कहा कि सच्चाई तो यह है कि दिल्ली में स्कूलों की हालत बहुत खराब है, जो बच्चे वहां पढ़ रहे हैं उनको कोई सुविधा नहीं मिलती जिस वजह से बहुत से बच्चों के माता पिता ने उनका नाम स्कूल से हटवा भी दिया है। श्री जरीफ ने कहा कि इसी तरह से दिल्ली में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए भी दिल्ली सरकार ने कई बड़ी बड़ी घोषणाओं का ऐलान किया था, कई बड़ी बड़ी योजनाओं पर काम करने का दावा किया था लेकिन हुआ क्या? कुछ भी नहीं, एक दिन की बारिश में ही पूरी दिल्ली पानी पानी हो गई, सड़कों पर लंबा जाम लग गया, लोगों की गाड़ियां पानी में फंस गई। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दिखावा करती है, काम नहीं करती।



