बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाना है दिल्ली सरकार का लक्ष्य : रोमेश चंद गुप्ता
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार गांव स्थित राजकीय बालिका सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ किया। इसी विषय पर बात करते हुए पूर्वी दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति के पूर्व चेयरमैन व भाजपा शाहदरा जिला के पूर्व महासचिव रोमेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है और इस बात को सुनिश्चित कर रही है कि दिल्ली में शिक्षा का स्तर बेहतर हो। उन्होंने बताया कि लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के सीएसआर सहयोग से संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत एआई इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट, एसटीईएम इनोवेशन लैब, आधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और छात्राओं के स्वास्थ्य से जुड़े विशेष कार्यक्रम शुरू किए गए है। श्री गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत की मजबूत नींव आधुनिक, वैज्ञानिक और तकनीक आधारित शिक्षा से तैयार होगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा व कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा दिल्ली सरकार भी सरकारी स्कूलों में आधुनिक शैक्षणिक ढांचा विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एआई आधारित स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का उद्घाटन भी किया गया जिसमें स्वच्छता मॉनिटरिंग और जल संरक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध है। श्री गुप्ता ने बताया कि ये स्मार्ट टॉयलेट छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमा को ध्यान में रखकर विकसित किए गए हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि बेहतर स्वच्छता सुविधाएं बालिकाओं की नियमित स्कूल उपस्थिति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव कार्य कर रही है।



