ईवी चार्जिंग के बुनियादी ढांचे के विस्तार हेतु दिल्ली सरकार का शानदार कदम : दीपक गाबा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार की नई ईवी नीति में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग प्वाइंट की संख्या 9 हजार से बढ़ाकर 32,000 करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि दिल्ली सरकार के इस फैसले से दिल्ली के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा और इससे स्वच्छ और अधिक टिकाऊ ऊर्जा विकल्प को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बिजली की मांग 8,700 मेगावाट से अधिक पहुंच चुकी है और इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ बिजली की मांग में और भी वृद्धि होगी जिससे मौजूदा बिजली नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा जिसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है कि अधिक से अधिक सौर ऊर्जा आधारित चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाए। श्री गाबा ने बताया कि चार्जिंग स्टेशनों के लिए स्थानों का चयन करने के साथ साथ उनके निर्बाध संचालन के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना भी जरूरी है और इसी उद्देश्य से सौर ऊर्जा आधारित चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐसे आधुनिक चार्जिंग स्टेशन विकसित करने के निर्देश दिए है जहां सभी प्रकार के इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो और इसके साथ ही वहां लोगों के बैठने, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था हो। श्री गाबा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फास्ट चार्जिंग तकनीक को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित सभी स्लो चार्जिंग स्टेशनों को भी चरणबद्ध तरीके से फास्ट चार्जिंग स्टेशनों में परिवर्तित किया जाएगा। श्री गाबा ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की पार्किंग, नगर निगम के पार्किंग स्थलों, मेट्रो के एलिवेटेड कारिडोर के नीचे उपलब्ध खाली स्थानों, डीडीए के बाजारों के आसपास, प्रमुख माल, रेलवे स्टेशनों के बाहर, सरकारी परिसरों तथा बड़े व्यावसायिक क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने को कहा गया है।



