Home देश दुनिया Tripura Blast: अगरतला के अपार्टमेंट में भीषण विस्फोट, कई घायल, जांच में...

Tripura Blast: अगरतला के अपार्टमेंट में भीषण विस्फोट, कई घायल, जांच में जुटीं एजेंसियां

0
3

Tripura Blast: अगरतला के अपार्टमेंट में भीषण विस्फोट, कई घायल, जांच में जुटीं एजेंसियां

अगरतला। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में बुधवार दोपहर एक अपार्टमेंट में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। संकट चौमुहानी स्थित एनएस अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर हुए धमाके में कई लोग घायल हो गए, जबकि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग, बम निरोधक दस्ता और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच कार्य में जुट गईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे एनएस अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के कई इलाकों तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण फ्लैट की खिड़कियां टूट गईं, दीवारों को नुकसान पहुंचा और पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

एसडीपीओ देबा प्रसाद रॉय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि विस्फोट पहली मंजिल पर हुआ है और घटना के बाद तुरंत बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग तथा अन्य आपातकालीन एजेंसियों को बुलाया गया। सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले कुशल देब ने बताया कि वह अपने कमरे में थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि पहली मंजिल पर भारी विस्फोट हुआ है और इमारत के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here