Vineet Jain statement: सडको के नये प्लान की मंजूरी से बदलेगी दिल्ली की सूरत : विनीत जैन
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली में सड़कों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया है। रेखा गुप्ता सरकार ने शहर की 270 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों को नया बनाने का प्लान मंजूर किया है। इसके लिए सरकार करीब 658 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बुधवार को हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में इस महत्वाकांक्षी योजना को हरी झंडी दी गई। बैठक में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला मीडिया संयोजक विनीत जैन ने कहा कि दिल्ली की सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाने की तरफ लिया गया दिल्ली सरकार का यह एक बहुत ही बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के इस फैसले से दिल्ली की सड़कें आधुनिक तरीके से बनेंगी, सड़कों की क्वालिटी अच्छी होगी और लोगों को सफर करने में भी बहुत आसानी होगी। श्री जैन ने बताया कि इस पूरे काम को तीन हिस्सों में बांटा गया है जिसके तहत पूर्वी दिल्ली में 58.29 किलोमीटर तक सड़कें बनेंगी, जिसके लिए 147.08 करोड़ रुपये खर्च होंगे, उत्तरी दिल्ली में 104.42 किलोमीटर तक सड़कें बनेंगी, जिसकी लागत 247.31 करोड़ रुपये होगी और दक्षिणी दिल्ली में सबसे ज्यादा 107.92 किलोमीटर तक सड़कें बनेंगी, जिसके लिए 263.61 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि तीन जोन में बंटे इस काम को अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिससे सड़कें गड्ढा मुक्त और ज्यादा मजबूत बनेंगी। श्री जैन ने बताया कि दिल्ली सरकार की इस परियोजना के तहत सड़कें बनाने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल होगा, पहले पुरानी और खराब सड़क की ऊपरी परत को मशीन से हटाया जाएगा, उसके बाद नई और मजबूत परत बिछाई जाएगी जिससे सड़कें ज्यादा टिकाऊ बनेंगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सड़कों पर नई लाइन बनाई जाएगी, साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और बारिश का पानी निकालने का भी इंतजाम किया जाएगा। श्री जैन ने कहा कि यह सिर्फ सड़क मरम्मत का काम नहीं होगा बल्कि दिल्ली सरकार दिल्ली के रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह से नए स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों दिल्ली सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं जिनका सीधा सीधा लाभ दिल्ली की जनता को मिलेगा और यह फैसला भी उनमें से एक है।



