Home देश दुनिया Pune Trekker Murder Case: मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर की थी ट्रैकर...

Pune Trekker Murder Case: मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर की थी ट्रैकर केतन की हत्या, खाई में धकेलने का आरोप

0
6

Pune Trekker Murder Case: मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर की थी ट्रैकर केतन की हत्या, खाई में धकेलने का आरोप

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में ट्रैकिंग के दौरान हुई रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार यह हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। पुलिस ने दावा किया है कि केतन की मंगेतर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे लोहागढ़ किले की खाई में धक्का दिया था। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना 18 जून को हुई थी। गहुंजे, पुणे जिले के रहने वाले 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल का शव लोहागढ़ किले के पास एक गहरी खाई में मिला था। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया था। बताया गया था कि केतन अपने दोस्तों और मंगेतर सिया गोयल के साथ ट्रैकिंग के लिए गए थे और तस्वीरें लेते समय संतुलन बिगड़ने से करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गए।

घटना के बाद सिया गोयल ने तुरंत लोनावाला ग्रामीण पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। केतन और सिया की इसी साल शादी होने वाली थी और परिवारों ने राजस्थान के उदयपुर में शादी समारोह की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं।

हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को मामले में कई संदिग्ध बातें नजर आईं। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि मौत के हालात सामान्य नहीं लग रहे थे। इसके बाद पुलिस ने व्यक्तिगत संबंधों, आर्थिक विवादों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि केतन की मंगेतर सिया गोयल के कोंढवा निवासी 22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी के साथ कथित संबंध थे। पुलिस का कहना है कि सिया केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार साजिश के तहत सिया केतन को घूमने और ट्रैकिंग के बहाने लोहागढ़ किले लेकर गई। इसके बाद चेतन को भी वहां बुलाया गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को किले से नीचे खाई में धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर चेतन चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद मामले में कई अहम जानकारियां सामने आईं। इसके बाद सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद घटना से जुड़े और तथ्य सामने आ सकते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here