Home क्राइम Delhi Terror Module: दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम, ISI मॉड्यूल के 4...

Delhi Terror Module: दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम, ISI मॉड्यूल के 4 आतंकी गिरफ्तार, तुर्किये निर्मित जिगाना पिस्टल बरामद

0
5
Delhi Terror Module, Delhi Police Special Cell, ISI Terror Module

Delhi Terror Module: दिल्ली दहलाने की साजिश नाकाम, ISI मॉड्यूल के 4 आतंकी गिरफ्तार, तुर्किये निर्मित जिगाना पिस्टल बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते विफल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े आतंकी मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के सीधे संपर्क में थे। जांच में सामने आया है कि आईएसआई ड्रोन के जरिए पंजाब सीमा से हथियार और मादक पदार्थ भारत भेज रही थी, जबकि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों की तैयारी में जुटे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी शुभदीप सिंह उर्फ विशाल (23), उसके भाई गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि (22), अमृतसर निवासी साजन सिंह उर्फ हनी (28) और फतेहगढ़ साहिब निवासी गगनप्रीत (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तुर्किये निर्मित जिगाना पिस्टल, एक .30 बोर पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अनुसार काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के माध्यम से पंजाब के युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर दिल्ली-एनसीआर में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। इसी सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया जानकारी और लगातार सर्विलांस के जरिए पूरे नेटवर्क पर नजर रखी।

जांच के दौरान सबसे पहले अमृतसर के मजीठा रोड क्षेत्र से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से .30 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह शहजाद भट्टी के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार तथा ड्रग्स की खेप प्राप्त करता था।

शुभदीप से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके भाई गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को पंजाब से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तुर्किये निर्मित जिगाना पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में तीनों ने दिल्ली में मौजूद अपने एक अन्य साथी गगनप्रीत के बारे में जानकारी दी।

इसके बाद स्पेशल सेल ने दिल्ली में छापेमारी कर गगनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन की जांच में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस को मोबाइल से दिल्ली के धार्मिक स्थलों, पुलिस थानों, पुलिस पिकेटों और अन्य संवेदनशील स्थानों की रेकी के वीडियो मिले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार गगनप्रीत इन स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलरों को भेज रहा था, ताकि संभावित आतंकी हमलों की योजना तैयार की जा सके।

पुलिस का कहना है कि आरोपी विदेशी मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए आईएसआई हैंडलरों से संपर्क बनाए रखते थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचा जा सके। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ पहले भी पंजाब में एनडीपीएस से जुड़े मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।

स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में संभावित आतंकी हमले की साजिश को विफल कर दिया गया है। फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई तथा पाकिस्तान में बैठे अन्य हैंडलरों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here