
Ayushman Bharat Scheme: आयुष्मान योजना का बढ़ेगा दायरा, जांच के साथ अब मरीजों को मिलेगी सर्जरी की सुविधा : रेखा रानी
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार): आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस पहल के तहत अब तक मुख्य रूप से इलाज और अस्पताल में भर्ती की सुविधाओं के साथ कई तरह की जांचों के अलावा सर्जरी से जुड़ी सुविधाओं को भी अधिक व्यापक बनाने की योजना है। प्रस्तावित विस्तार से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। भजनपुरा वार्ड की निगम पार्षद रेखा रानी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की ट्रिपल इंजन सरकार लगातार जनहित में योजनाएं बना रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। आयुष्मान योजना का विस्तार भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। रेखा रानी ने कहा कि कई बार आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार गंभीर बीमारियों का समय पर उपचार नहीं करा पाते। जांच, दवाइयों और ऑपरेशन पर होने वाला खर्च उनके लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। ऐसे में आयुष्मान योजना के माध्यम से अस्पताल में भर्ती होने, जांच और पात्र सर्जरी की कैशलेस सुविधा मिलने से लाखों परिवारों को राहत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि योजना के मौजूदा प्रावधानों के अंतर्गत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाता है। इसमें जनरल सर्जरी, हृदय रोग, हड्डियों से संबंधित उपचार, कैंसर, नेत्र रोग, स्त्री रोग और अन्य गंभीर बीमारियों के निर्धारित उपचार पैकेज शामिल हैं। अस्पताल में भर्ती होने से पहले की तीन दिन तक की जांच और उपचार के बाद 15 दिन तक की दवाइयों एवं फॉलोअप संबंधी सुविधाएं भी निर्धारित नियमों के अनुसार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में उपचार की सुविधाओं का विस्तार करने की प्रस्तावित पहल भी महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित उपचार पैकेजों की संख्या 23 से बढ़ाकर 112 करने का प्रस्ताव सामने आया है। इसमें बच्चेदानी का ऑपरेशन, बवासीर, हाइड्रोसील, गांठ, सिस्ट, बायोप्सी जैसी प्रक्रियाओं के साथ आंखों से संबंधित कुछ जांचों को भी शामिल करने की योजना है। रेखा रानी ने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि आम नागरिकों को उनके आसपास ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। ट्रिपल इंजन सरकार जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लगातार योजनाओं और सुविधाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन जनकल्याणकारी प्रयासों से दिल्ली के गरीब, जरूरतमंद और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा तथा इलाज के खर्च का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।






आपकी राय