
PM Modi Gold Price: पीएम मोदी बोले- लोगों ने मेरी बात मानी, सोना कम खरीदा और पैसे बचे; बताया कैसे घटे दाम
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोने की खरीदारी को लेकर अपनी पुरानी अपील का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लगभग एक वर्ष पहले उन्होंने देशवासियों से आग्रह किया था कि अगर जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न लें, और उनके अनुसार लोगों ने उनकी सलाह मानकर सोने की खरीद कम कर दी।
प्रधानमंत्री ने बताया कि उस दौरान कुछ लोगों ने उनकी इस बात की हंसी उड़ाई थी। लेकिन अब, जब सोने के भाव नीचे आ गए हैं, तो कई लोग उनसे कह रहे हैं कि उनकी सलाह पर चलने से उनका पैसा बच गया।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण सामने रखा। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का खाना त्यागने का आग्रह किया था और जनता ने उसे स्वीकार किया था। मोदी के मुताबिक, देश का स्वभाव ही ऐसा है।

बाजार की बात करें तो गुरुवार को सोना 5,000 रुपये से ज्यादा और चांदी 10,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हुई। दोनों धातुएं इस वर्ष के अपने न्यूनतम स्तर पर आ गईं, जिसके चलते खरीदारी रोके बैठे ग्राहक भी फिर से बाजार का रुख करने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि जनवरी में सोना और चांदी अपने सर्वोच्च स्तर पर थे। तब सोने का भाव लगभग 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का 4.10 लाख रुपये प्रति किलो तक जा पहुंचा था। उसके बाद से उतार-चढ़ाव के दौर में दोनों के दाम लगातार फिसलते रहे हैं।





आपकी राय