
Kurla Couple Assault: कुर्ला गार्डन में कपल से मारपीट: छह नाबालिग आरोपी दो हफ्ते के लिए सुधार गृह भेजे गए
मुंबई के कुर्ला में शुक्रवार, 20 नवंबर को फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक सार्वजनिक गार्डन में एक कपल के साथ मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि जब कपल तस्वीरें ले रहा था, उसी दौरान कुछ लड़कों ने उन पर अश्लील फब्तियां कसीं और ऐतराज जताने पर लाठियों और डंडों से उन्हें पीट डाला।
पुलिस के अनुसार, इस हमले में 8 से 10 लड़के शामिल थे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने फोन में रिकॉर्ड कर ली और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।
डीसीपी गणेश शिंदे ने जानकारी दी कि कपल की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया और उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) में केस दर्ज हुआ है। ये धाराएं गैरकानूनी जमावड़े, हथियार लेकर गैरकानूनी जमावड़े में शामिल होने, जान-बूझकर चोट पहुंचाने, शांति भंग करने की नीयत से अपमान और आपराधिक धमकी से संबंधित हैं।
इसके बाद जुवेनाइल कोर्ट ने 12 से 15 वर्ष की आयु वाले छह आरोपी लड़कों को दो सप्ताह यानी 4 दिसंबर तक जुवेनाइल सुधार गृह भेजने का आदेश दिया।
घटना को लेकर सियासी हलकों से भी प्रतिक्रियाएं आईं। भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने एक्स पर लिखा कि 5 लड़कों के अभिभावकों को नोटिस जारी किए गए हैं। शिवसेना (यूबीटी) के नेता इंतेखाब फारूकी ने भी घटना की आलोचना की, जबकि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गार्डन में पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया।





आपकी राय