
Ladakh Panchayat Election: लद्दाख पंचायत चुनाव में 73.60% मतदान, 2018 का रिकॉर्ड टूटा; LG वीके सक्सेना ने जताया आभार
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पंचायत और नगर निकाय चुनावों के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पंच पदों पर 73.60 प्रतिशत और सरपंच पदों पर 70.03 प्रतिशत वोटिंग हुई।
खास बात यह रही कि 2018 के बाद लद्दाख में पहली बार पंचायत और नगर निकाय के चुनाव कराए गए। 2019 में केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिलने के बाद यह पहला अवसर है, जब यहां ये चुनाव संपन्न हुए।
मतदान के बाद लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस दिन को ऐतिहासिक करार दिया और जनता को धन्यवाद दिया। एक्स पर साझा संदेश में उन्होंने कहा कि लद्दाखवासियों ने बड़ी तादाद में मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपना गहरा विश्वास जाहिर किया है।

उपराज्यपाल ने जानकारी दी कि इस बार का आंकड़ा 2018 के पंचायत चुनावों में दर्ज 67.8 प्रतिशत कुल मतदान से अधिक है। उनके मुताबिक, यह जमीनी स्तर के लोकतंत्र और स्थानीय स्वशासन में जनता की बढ़ती हिस्सेदारी का संकेत है।
सक्सेना ने कहा कि पहली बार मतदान करने वाले नौजवानों से लेकर बुजुर्गों तक, हर तबके के लोगों ने जोश के साथ वोट डाला। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक ढांचे में लोगों के अडिग विश्वास का प्रमाण बताया।
लद्दाख में जमीनी लोकतंत्र और स्थानीय स्वशासन को मजबूती देने के लिए उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति भी आभार व्यक्त किया।





आपकी राय