
Shashi Tharoor Delimitation: परिसीमन नोटबंदी से भी बड़ी आपदा साबित होगा, शशि थरूर ने सरकार को चेताया
शनिवार को कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर परिसीमन के मुद्दे पर एक पोस्ट लिखी, जिसे रीपोस्ट करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी केंद्र सरकार को घेरा। थरूर का कहना है कि परिसीमन नोटबंदी से भी बड़ी आफत बनेगा और इसका असर कहीं अधिक समय तक बना रहेगा।
थरूर ने रमेश की पोस्ट से सहमति जताते हुए लिखा कि कुछ उपाय उन मुश्किलों से भी ज्यादा नुकसानदेह होते हैं, जिन्हें दूर करने का वे दावा करते हैं।
उन्होंने ध्यान दिलाया कि अप्रैल में लोकसभा में भी उन्होंने इन सभी विषयों पर देशव्यापी व्यापक बहस की जरूरत बताई थी। थरूर के अनुसार, जब तक सरकार इस तरह की चर्चा के लिए राजी नहीं होती, तब तक इस मसले पर विचार को आगे खिसका देना ही ठीक रहेगा।

जयराम रमेश ने अपनी पोस्ट में बताया था कि संसद का 2026 का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने को 100 दिन बीत चुके हैं, मगर अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत का इंतजाम करने में जुटे हैं, ताकि परिसीमन से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पास कराया जा सके। रमेश के मुताबिक, पिछला विधेयक 17 अप्रैल 2026 को नामंजूर हो गया था।
रमेश ने यह भी कहा कि नए प्रस्ताव को लेकर किसी भी पार्टी से गंभीरता से बात नहीं की गई। मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से प्रधानमंत्री को चार चिट्ठियां भेजे जाने के बाद भी सर्वदलीय बैठक तक नहीं बुलाई गई।
इतिहास का जिक्र करते हुए रमेश ने कहा कि 1976 में इंदिरा गांधी ने परिसीमन को 25 साल के लिए स्थगित किया था, जबकि 2001 में अटल बिहारी वाजपेयी ने इसे 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक आगे बढ़ा दिया था। उन्होंने सुझाव दिया कि फिलहाल लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या और राज्यों के प्रतिनिधित्व का ढांचा जस का तस रखा जाए और महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू रहे।





आपकी राय