
Jamtara Cyber Fraud: व्हाट्सऐप पर APK फाइल भेजकर करोड़ों की ठगी, जामताड़ा गिरोह के 22 आरोपी गिरफ्तार
11 से 15 नवंबर के बीच चार राज्यों में चली ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद वेस्ट दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने देशभर में ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पांच दिन के इस अभियान में 22 आरोपी गिरफ्तार किए गए। गिरोह की जड़ें झारखंड के जामताड़ा में थीं और इसका जाल झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।
इस ऑपरेशन के लिए 64 पुलिसकर्मियों की सात खास टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने 17 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी। जामताड़ा के अलावा देवघर, गिरिडीह, नवादा, जमुई, आसनसोल, कोलकाता और गोरखपुर में भी छापे मारे गए।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी अब तक देश के अलग-अलग हिस्सों में 22,139 लोगों को अपना शिकार बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक हड़प चुके हैं। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज 2,080 शिकायतों का सीधा संबंध इन्हीं से पाया गया है।
छानबीन में ठगी का तरीका भी सामने आया। गिरोह के लोग बैंक अफसर बनकर व्हाट्सऐप पर मैसेज करते थे। मुख्य रूप से बुजुर्गों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने, KYC अपडेट करने, क्रेडिट कार्ड बनवाने, क्रेडिट लिमिट बढ़ाने और बिजली-गैस बिल अपडेट करने के नाम पर फंसाया जाता था। इसके बाद उन्हें एक APK फाइल भेजी जाती थी। फाइल डाउनलोड करके परमिशन देते ही फोन का सारा डेटा ठगों के हाथ लग जाता था।

इस तरह आरोपी बैंक से जुड़ी जानकारी, मैसेज, OTP, कॉल और फोटो गैलरी तक पहुंच जाते थे और फिर खाते से रकम उड़ा लेते थे या क्रेडिट कार्ड से खरीदारी कर डालते थे। जांच के दौरान पुलिस ने 32 संदिग्ध APK फाइलों का फॉरेंसिक परीक्षण करवाया और 56 टेलीग्राम प्रोफाइलों की भी पड़ताल की।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह तीन परतों में काम करता था। सबसे ऊपर डेवलपर थे, जो एक पैनल तैयार कर बैंकों और सरकारी योजनाओं के नाम से नकली APK फाइलें बनाते थे। इस पैनल का इस्तेमाल डिस्ट्रीब्यूटर और सब-डिस्ट्रीब्यूटर को महीने के किराये पर दिया जाता था, और वही आगे ठगों तक ये फाइलें पहुंचाते थे।
ठगी से मिले पैसों से फ्लिपकार्ट मिनट्स, स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट जैसे प्लेटफॉर्म से सामान, मोबाइल फोन, चांदी के सिक्के और गिफ्ट कूपन खरीदे जाते थे। दबिश के दौरान आरोपियों के कब्जे से 63 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो मैकबुक और एक टैबलेट बरामद किए गए हैं।





आपकी राय