
Bangladeshi Nationals Arrested: 15 दिन के वीजा पर आए, महीनों से दिल्ली में ठहरे थे; पहाड़गंज के होटल से 3 बांग्लादेशी पकड़े गए
दिल्ली के पहाड़गंज स्थित शोराकोठी इलाके के होटल सुदर्शन पैलेस में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान पुलिस ने वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। यह कार्रवाई सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की फॉरेनर सेल और स्पेशल स्टाफ की साझा टीम ने की।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए विदेशी नागरिकों के नाम साला उद्दीन (53), शौकत अली (40) और कमरुल हसन (25) हैं।
पड़ताल में खुलासा हुआ कि ये तीनों 6 अक्टूबर को डबल एंट्री वीजा लेकर भारत पहुंचे थे। वीजा केवल 15 दिन के लिए वैध था, लेकिन मियाद पूरी होने के बावजूद वे दिल्ली में ठहरे रहे।

कागजात ठीक नहीं पाए जाने पर पुलिस ने तीनों को अपनी हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच करवाने के बाद उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) के समक्ष पेश किया गया।
वीजा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए FRRO ने तीनों पर प्रतिबंध आदेश जारी कर दिया। स्वदेश भेजे जाने तक उन्हें दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
गौरतलब है कि अगस्त में भी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की टीम ने ऑपरेशन विस्टा 1.0 चलाकर होटलों और गेस्ट हाउसों में दबिश दी थी। उस दौरान 11 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए थे, जिनसे 11 पासपोर्ट, 11 वीजा और 14 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। वे लोग भी डबल एंट्री वीजा की 15 दिन की मियाद से अधिक समय तक यहां टिके हुए थे।





आपकी राय