Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Fire: दिल्ली में देर रात आग का तांडव, लक्ष्मी नगर से...

Delhi Fire: दिल्ली में देर रात आग का तांडव, लक्ष्मी नगर से रोहिणी तक कई जगह हादसे, सैकड़ों घर जले और लाखों का नुकसान

0
32

Delhi Fire: दिल्ली में देर रात आग का तांडव, लक्ष्मी नगर से रोहिणी तक कई जगह हादसे, सैकड़ों घर जले और लाखों का नुकसान

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात आग की कई बड़ी घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग से लेकर पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर और रोहिणी तक अलग-अलग इलाकों में लगी आग ने भारी तबाही मचाई। कहीं सैकड़ों झुग्गियां जलकर राख हो गईं तो कहीं ट्रांसफार्मर में लगी आग ने रिहायशी इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

सबसे भयावह घटना पंजाबी बाग इलाके में सामने आई, जहां भीषण आग ने सैकड़ों गरीब परिवारों के आशियानों को जलाकर खाक कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं और लपटों से घिर गया।

वहीं पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में ट्रांसफार्मर में लगी आग ने भयानक रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की शुरुआत ट्रांसफार्मर से हुई और बिजली के तारों के जरिए तेजी से आसपास की इमारतों तक फैल गई। यह घटना देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब ज्यादातर लोग अपने घरों में सो रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए छतों और सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकलने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि दमकल विभाग को सूचना देने के बावजूद मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हुई, जिससे आग और अधिक भड़क गई और चार मकानों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। बाद में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग की वजह से चार मकानों में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

इसी बीच रोहिणी सेक्टर-24 के पॉकेट-20 में भी एक चार मंजिला इमारत में देर रात भीषण आग लग गई। घटना की सूचना रात करीब 8 बजकर 54 मिनट पर दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद तुरंत छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया और इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

लगातार सामने आई इन घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में डर का माहौल बना दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here