Home Uncategorized Delhi Crime: दिनदहाड़े चाकू गोदकर युवक की हत्या, पुलिस एनकाउंटर में दो...

Delhi Crime: दिनदहाड़े चाकू गोदकर युवक की हत्या, पुलिस एनकाउंटर में दो आरोपी गिरफ्तार

0
32

Delhi Crime: दिनदहाड़े चाकू गोदकर युवक की हत्या, पुलिस एनकाउंटर में दो आरोपी गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के रानी बाग थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सुबह के वक्त एक युवक की सरेआम चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात ने इलाके के लोगों को दहला दिया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, सुबह के समय बीएसए अस्पताल रोहिणी से सूचना मिली कि राजू नाम के एक युवक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है, जिसे चाकू से हमला कर घायल किया गया था। युवक को उसके दो दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते राजू की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पीतमपुरा स्थित आशियाना अपार्टमेंट बस स्टैंड के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया था। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और आरोपियों की पहचान करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया।

बाहरी जिला के डीसीपी विक्रम सिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान लाल बाबू उर्फ लालू और कुंदन के रूप में की, जो पीतमपुरा इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके बाद एसीपी मुरारी लाल की निगरानी में एसएचओ रानी बाग प्रवीण कुमार और उनकी टीम ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी रानी बाग के एक स्कूल के पास स्थित खाली मैदान के पास एक पार्क में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में लाल बाबू उर्फ लालू (20) और कुंदन (20) को तुरंत नजदीकी भगवान महावीर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्या के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here