Delhi Crime: नंद नगरी में लूट का विरोध पड़ा भारी, युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला
राजधानी Delhi के उत्तर-पूर्वी जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। नंद नगरी थाना क्षेत्र के सुंदर नगरी इलाके में 26 वर्षीय युवक पर लूटपाट का विरोध करने पर दो बदमाशों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है, जब पीड़ित लोकेश अपने घर से कुछ सामान लेकर डिस्पेंसरी वाली गली से गुजर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और लूटपाट की कोशिश करने लगे। जब लोकेश ने साहस दिखाते हुए इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने गुस्से में आकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने लोकेश पर करीब चार बार चाकू से वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
हमले के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर लोकेश के पिता सिया राम और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नंद नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत GTB Hospital में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार लोकेश की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है।
डीसीपी (उत्तर-पूर्वी जिला) ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित के परिवार के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार बदमाश की तलाश के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष और डर का माहौल है। लोगों ने इलाके में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है।



