Navratri Begins: प्राचीन मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा-अर्चना से शुरू हुआ पर्व
आज से नवरात्र व्रत की शुरुआत हो गई है और दिल्ली समेत आसपास के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। प्राचीन मनसा देवी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लोग माता रानी की आराधना और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मंदिर पहुंचे।
भक्तों ने बताया कि नवरात्र के पहले दिन उन्होंने माता रानी से घर में सुख-शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में धूमधाम के बीच भक्ति का माहौल साफ नजर आ रहा है। नवरात्र का पहला दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है और सुरक्षा व व्यवस्था के मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने भी विशेष इंतजाम किए हैं।
दिल्ली के झंडे वाला मंदिर, छतरपुर मंदिर और कलकाजी मंदिर जैसे प्रमुख मंदिरों में भी सुबह पांच बजे से भक्त दर्शन करने के लिए लाइन में लगना शुरू कर चुके हैं। पूरे शहर में नवरात्र पर्व की शुरुआत श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति भाव से हुई है, जो अगले नौ दिनों तक चलने वाले व्रत और पूजा-अर्चना का संकेत देती है।



