Delhi Bridge Collapse: नाले पर बना फुटओवर ब्रिज टूटा, महिला की गिरकर मौत, लापरवाही पर सवाल
राजधानी Delhi के नया रूप नगर इलाके में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जब नाले के ऊपर बना एक फुटओवर ब्रिज अचानक टूट गया। इस हादसे में एक महिला सीधे नाले में गिर गई, जिसे काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे बचाव दल को दी गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली बोट क्लब की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महिला को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी हालत बेहद गंभीर थी और मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया गया।
बोट क्लब के इंचार्ज हरीश कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फुटओवर ब्रिज के अचानक टूटने के कारण महिला सीधे नाले में जा गिरी। फिलहाल मृतक महिला की पहचान नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पुल की हालत लंबे समय से जर्जर थी और इसकी मरम्मत को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पुल की देखरेख के लिए जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों की क्या भूमिका रही और क्या समय पर मरम्मत न होने के कारण यह हादसा हुआ।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि फुटओवर ब्रिज काफी समय से खराब हालत में था। अब जांच के बाद यह तय किया जाएगा कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।



