
Yamuna River Cruise: यमुना क्रूज दिल्ली में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा देगा : प्रमोद झा
नई दिल्ली (शिवा कौशिक): दिल्ली में यमुना नदी पर पहली मनोरंजक इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ की शुरुआत को भाजपा उत्तर पूर्वी जिला पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद झा ने राजधानी के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने कहा कि यमुना पर क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्ली में रिवर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और राजधानी में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी। इस सेवा के माध्यम से दिल्लीवासी और यहां आने वाले पर्यटक यमुना नदी के बीच क्रूज की सवारी का आनंद लेने के साथ-साथ नदी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को भी करीब से समझ सकेंगे।
प्रमोद झा ने बताया कि केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने यमुना नदी पर ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का शुभारंभ किया। इस सेवा के तहत पर्यटक सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर की यात्रा कर सकेंगे। क्रूज यात्रा के दौरान लोगों को विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के सोनिया विहार में आयोजित उद्घाटन समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, वन एवं पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद मनोज तिवारी सहित केंद्र एवं दिल्ली सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमोद झा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में 30 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक क्रूज का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने स्वयं भी क्रूज की सवारी की। प्रमोद झा के अनुसार, यमुना नदी पर दिल्ली की पहली मनोरंजक क्रूज सेवा की शुरुआत नदी और आम लोगों के बीच जुड़ाव बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यमुना की पर्यटन क्षमता का उपयोग करने और राजधानी में पर्यटन के नए विकल्प विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल क्रूज की सवारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से दिल्ली में नदी पर्यटन को नई गति मिल सकती है। जलमार्गों को पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर कारोबार तथा रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं बनेंगी। उन्होंने इस परियोजना को साकार करने के लिए दिल्ली की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त किया।
प्रमोद झा ने कहा कि यमुना नदी दिल्ली के इतिहास, संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ केवल एक क्रूज या नौका यात्रा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति लोगों की आस्था, प्रेम और श्रद्धा से भी जुड़ी हुई है। इस सेवा के माध्यम से दिल्लीवासियों के साथ-साथ राजधानी में आने वाले पर्यटकों को यमुना नदी को करीब से देखने और उसके सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व को समझने का नया अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यमुना से लोगों का जुड़ाव बढ़ने के साथ नदी के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
भाजपा नेता ने कहा कि यमुना नदी के विकास और उसकी स्वच्छता के लिए ट्रिपल इंजन की सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रूज सेवा जैसी पहल दिल्ली में पर्यटन को नई पहचान देने के साथ यमुना के विकास से जुड़ी गतिविधियों को भी आगे बढ़ाएगी। उनके अनुसार, राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने और यमुना को दिल्ली के जनजीवन से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण शुरुआत है।





आपकी राय