Home खेल Virat Kohli: पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे विराट कोहली, संत...

Virat Kohli: पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे विराट कोहली, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन, लिया आशीर्वाद

0
4
Virat Kohli, Anushka Sharma, Premanand Maharaj, Vrindavan, Virat Kohli News

Virat Kohli: पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे विराट कोहली, संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन, लिया आशीर्वाद

वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने बुधवार तड़के वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए। दोनों सुबह करीब चार बजे यमुना विहार कुंज स्थित प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दोनों ने सादगी का परिचय देते हुए नंगे पैर आश्रम में प्रवेश किया और पूरे समय बेहद सामान्य अंदाज में नजर आए।

जानकारी के अनुसार, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने आश्रम पहुंचने के दौरान चेहरे पर मास्क पहन रखा था। बारिश के कारण आश्रम तक जाने वाले रास्ते में कीचड़ था, लेकिन इसके बावजूद दोनों नंगे पैर ही आश्रम तक पहुंचे। रास्ते में विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा का हाथ थामे चलते दिखाई दिए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

आश्रम पहुंचने पर संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने दोनों का स्वागत किया। विराट और अनुष्का करीब एक घंटे तक आश्रम में रहे। इस दौरान उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की, आध्यात्मिक चर्चा की और उनका आशीर्वाद लिया। आश्रम से बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन का तिलक लगा हुआ था और उनके हाथ में प्रसाद भी दिखाई दिया।

प्रेमानंद महाराज के दर्शन के बाद विराट और अनुष्का वहां से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित महाराज के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम भी पहुंचे। वहां भी दोनों ने दर्शन किए और संतों का आशीर्वाद लिया। दोनों की इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर वृंदावन में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली और अनुष्का शर्मा संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने पहुंचे हों। इससे पहले भी दोनों कई बार वृंदावन आ चुके हैं। हाल ही में IPL जीतने के बाद 2 जून को भी दोनों ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर करीब दो घंटे तक समय बिताया था। उस दौरान भी दोनों माथे पर चंदन और त्रिपुंड लगाए तथा हाथ में धार्मिक पुस्तक लिए आश्रम से बाहर निकलते दिखाई दिए थे।

वृंदावन में विराट और अनुष्का के पहुंचने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक आश्रम के बाहर एकत्र हो गए। दोनों की एक झलक पाने और तस्वीरें खींचने के लिए लोगों में उत्साह देखने को मिला। हालांकि, आश्रम प्रबंधन, संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों और सुरक्षा कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और किसी भी व्यक्ति को उनके बेहद करीब नहीं आने दिया।

आश्रम से बाहर निकलते समय विराट और अनुष्का ने हाथ जोड़कर वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। दोनों ने पूरे समय सादगी और आध्यात्मिक भाव बनाए रखा। उनके इस दौरे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और प्रशंसक उनकी सादगी की जमकर सराहना कर रहे हैं।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले कुछ वर्षों से समय-समय पर विभिन्न धार्मिक स्थलों और संतों के दर्शन करते रहे हैं। दोनों अक्सर अपनी व्यस्त दिनचर्या के बीच आध्यात्मिक स्थलों पर जाकर आशीर्वाद लेते हैं। वृंदावन का यह दौरा भी इसी क्रम का हिस्सा माना जा रहा है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here