छात्रों के लिए फायदेमंद साबित होंगी यू.स्पेशल बसें : श्री दत्त शर्मा
दिल्ली सरकार का अच्छा फैसला
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : कई साल के अन्तराल के बाद दिल्ली के कालेज छात्रों के लिए यू.स्पेशल बसें शुरू होने जा रही है जिससे कालेज छात्रों खासतौर से छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी | यह कहना है वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व विधायक श्री दत्त शर्मा का | श्री दत्त शर्मा कहते हैं दिल्ली सरकार के इस फैंसले से दिल्ली के हजारों छात्र छात्राओं को लाभ मिलेगा | अब कालेज जाने वाले छात्र इन बसों का इस्तेमाल कर सकेगें | उन्हें बसें बदल-बदल कर नहीं जाना पड़ेगा ,अनेक छात्रों को कालेज पहुंचने के लिए निजी वाहनों का इस्तेमाल करना पड़ता था या भाड़े पर वाहन लेना पड़ता था लेकिन यू.स्पेशल बसें शुरू होने से उन्हें इन सबसे छुटकारा मिलेगा |
श्री दत्त शर्मा कहते हैं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद दिल्ली विश्वविधालय छात्र संघ की अध्यक्ष रही है लिहाजा उन्हें छात्रों की समस्याओं की पूरी जानकारी हैं | श्री दत्त शर्मा कहते हैं दिल्ली सरकार की ओर से दोबारा शुरू की जा रही यू स्पेशल बस सर्विस केवल डीयू ही नहीं, बल्कि जेएनयू, आईआईटी और जामिया मिलिया इस्लामिया जैसे दिल्ली के अन्य एजुकेशनल इंस्टिट्यूट में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। इतना ही नहीं, नॉर्थ और साउथ कैंपस के अलावा डीयू के ऑफ कैंपस कॉलेजों को भी यू स्पेशल बस सेवा से सीधे जोड़ा जाएगा। श्री शर्मा कहते हैं आउटर दिल्ली और यमुना पार के इलाकों से नॉर्थ कैंपस आने-जाने वाले स्टूडेंट्स को भी इसका फायदा मिलेगा। न केवल नॉर्थ और साउथ कैंपस इस बस सेवा के जरिए सीधे जुड़ जाएंगे, बल्कि कैंपस के अंदर बने कॉलेजों के भी सर्कुलर रूट पर बसें चलेंगी, जिससे कि कॉलेज से नजदीकी मेट्रो स्टेशन, मार्केट या दूसरी जगहों पर भी स्टूडेंट्स आसानी से आ-जा सकें।
डीटीसी मैनेजमेंट ने यू स्पेशल बस सेवा के लिए अभी जिन 25 रूटों का चयन किया है। उन्हें इस तरह से डिजाइन किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स को इन बसों का लाभ मिल सके। इन बसों के रूटों की पहचान भी अलग से की जा सकेगी। 20 बसे 9 मीटर वाली होंगी। वहीं, करीब 30 बसें 12 मीटर वाली बड़ी बसें होंगी। इनमें केवल स्टूडेंट्स पास होल्डर्स को ही सफर करने की अनुमति होगी। इनकी टाइमिंग भी कैंपस के कॉलेजों की टाइमिंग के हिसाब से सेट की गई है, ताकि स्टूडेंट्स समय पर अपने कॉलेज या यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंच सकें।
श्री दत्त शर्मा कहते हैं ये बसें सुबह 7 बजे से शाम 5-6 बजे तक चलेंगी। अधिकारियों का कहना है कि स्टूडेंट्स की जरूरत के हिसाब से टाइमिंग और रूटों में सुधार और बदलाव किए जाएंगे। इसी महीने की शुरुआत में सीएम ने डीयू में एक कार्यक्रम में यूथ स्पेशल बस सर्विस को दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी। यह सर्विस 2020 में कोविड शुरू होने के बाद बंद कर दी गई थीं। डीटीसी ने इस बार यू स्पेशल बसों में सफर करने वाले स्टूडेंट्स के मनोरंजन के लिए भी खास इंतजाम किया है। इन बसों में रेडियो के जरिए गाने भी चलेंगे। इतना ही नहीं, बसों के अंदर एक क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिसे स्कैन करने के बाद स्टूडेंट्स वॉट्सऐप के जरिए मेसेज भेजकर रेडियो पर अपने मनपसंद गाने भी बजवा सकेंगे।
इसके लिए डीटीसी ने अपना खुद का एक रेडियो स्टेशन तैयार किया है। यह अभी सूरत से ऑपरेट होगा, लेकिन जल्द ही डीटीसी मुख्यालय में ही इसके लिए सेटअप लगाया जाएगा। श्री दत्त शर्मा कहते हैं दिल्ली सरकार हर वर्ग के लिए जनहित में योजनायें ला रही है ताकि सरकार की योजनाओं का जनता को ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके |



