Sawai Madhopur boat accident: सवाई माधोपुर में बड़ा हादसा: सूरवाल बांध के तेज बहाव में नाव पलटी, 7 लोगों को बचाया गया, एक लापता
राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सूरवाल बांध के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक पलट गई। नाव में सवार लगभग 8 से 10 लोग पानी में जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और शुरुआती प्रयास में 3 से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने मिलकर अब तक 7 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। राहत की बात यह है कि अधिकांश लोग सकुशल बाहर आ चुके हैं, लेकिन अभी भी एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। वहीं, एक शख्स पेड़ पकड़कर पानी में खड़ा रहा जिसे बचाने का प्रयास देर रात तक जारी रहा।
प्रशासन और पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बांध की चादर से अचानक आया तेज बहाव नाव पलटने की मुख्य वजह बताई जा रही है। गनीमत रही कि हादसे के समय स्थानीय लोग और बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गए, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही जिले के अधिकारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान लगातार बांध में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि लापता व्यक्ति को जल्द से जल्द खोजा जा सके। वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों और परिवारों में दहशत और शोक का माहौल है।
सवाई माधोपुर का सूरवाल बांध पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए हमेशा आकर्षण का केंद्र रहा है, लेकिन मानसून के दिनों में यहां का जलस्तर खतरनाक हो जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति में नाव से यात्रा करना बेहद जोखिम भरा होता है। इस हादसे ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



