PMVBRY: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लॉन्च, पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को मिलेगा 15,000 रुपये

0
23

PMVBRY: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना लॉन्च, पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को मिलेगा 15,000 रुपये

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) की शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ नौकरियों का सृजन करना है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये का प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि रोजगार देने वाली कंपनियों को भी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह योजना 1 अगस्त, 2025 से 31 जुलाई, 2027 के बीच सृजित नौकरियों पर लागू होगी।

योजना को दो भागों में बांटा गया है – पार्ट ए और पार्ट बी।

पार्ट ए: यह योजना पहली बार नौकरी करने वाले और ईपीएफओ में पंजीकृत कर्मचारियों के लिए है। इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों को दो किश्तों में 15,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। पहली किश्त 6 महीने नौकरी करने के बाद और दूसरी किश्त 12 महीने नौकरी करने और वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद मिलेगी। यह लाभ केवल उन कर्मचारियों को मिलेगा, जिनकी सैलरी 1 लाख रुपये प्रति माह तक है।

पार्ट बी: इस भाग में कंपनियों को भी लाभ मिलेगा। कंपनियों को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी के लिए (जिनका वेतन अधिकतम 1 लाख रुपये प्रति माह हो और जिन्होंने कम से कम छह महीने तक निरंतर नौकरी की हो) दो वर्षों तक प्रति माह तीन हजार रुपये तक का प्रोत्साहन मिलेगा। विनिर्माण क्षेत्र के नियोक्ताओं के लिए यह प्रोत्साहन तीसरे और चौथे वर्ष तक भी जारी रहेगा। पात्र प्रतिष्ठानों को कम से कम दो अतिरिक्त कर्मचारी (यदि कर्मचारियों की संख्या 50 से कम हो) या पांच अतिरिक्त कर्मचारी (यदि कर्मचारियों की संख्या 50 या अधिक हो) को लगातार छह महीने तक नियुक्त करना होगा।

प्रोत्साहन राशि पार्ट ए में डीबीटी के माध्यम से सीधे कर्मचारियों के बैंक खाते में और पार्ट बी में कंपनियों के पैन-लिंक्ड खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस योजना के लिए कुल बजट लगभग 99,446 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें से 1.92 करोड़ लाभार्थी पहली बार नौकरी पाने वाले होंगे।

आवेदन प्रक्रिया:

  1. श्रम सुविधा पोर्टल के माध्यम से EPFO कोड प्राप्त करें।
  2. EPFO नियोक्ता लॉगिन पोर्टल पर पंजीकरण करें।
  3. नए कर्मचारियों की नियुक्ति करें जिनका वेतन ₹1 लाख/माह तक हो।
  4. PF अंशदान के साथ मासिक ECR रिटर्न दाखिल करें।
  5. कम से कम 6 महीने तक अतिरिक्त कर्मचारियों को नियुक्त रखें।

लाभ पाने के लिए ध्यान दें:

  • कर्मचारी को EPFO में पंजीकृत या छूट प्राप्त प्रतिष्ठान से जुड़ा होना चाहिए।
  • कर्मचारी को आधार के माध्यम से UAN प्रमाणित होना आवश्यक है।
  • प्रोत्साहन राशि डीबीटी मोड के जरिए सीधे बैंक खाते में मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here