Home देश दुनिया Noida International Airport उद्घाटन से पहले SPG का कड़ा सुरक्षा घेरा, पीएम...

Noida International Airport उद्घाटन से पहले SPG का कड़ा सुरक्षा घेरा, पीएम मोदी के दौरे की तैयारियां तेज

0
23

Noida International Airport उद्घाटन से पहले SPG का कड़ा सुरक्षा घेरा, पीएम मोदी के दौरे की तैयारियां तेज

नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 मार्च को प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। प्रधानमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। बुधवार से ही एसपीजी ने यहां मोर्चा संभालते हुए हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है।

केंद्र सरकार की ओर से नोएडा को मिलने जा रही इस बड़ी सौगात को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। एयरपोर्ट परिसर के अंदर बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। एसपीजी कमांडो हर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर तैनात हैं और आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार एयरपोर्ट के अंदर और बाहर की गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे।

प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ नेता, वीवीआईपी, वीआईपी, सांसद और विधायक शामिल होने वाले हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया गया है। एयरपोर्ट परिसर के साथ-साथ जेवर, यमुना एक्सप्रेस-वे, जीरो प्वाइंट और परी चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा को और पुख्ता बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या में इजाफा किया गया है और कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसको देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हेलिपैड का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरत रही हैं। यह दौरा न केवल नोएडा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here