Home देश दुनिया Patiala Blast: पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाका, मौके से संदिग्ध हमलावर...

Patiala Blast: पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाका, मौके से संदिग्ध हमलावर का शव बरामद, जांच तेज

0
43

Patiala Blast: पटियाला में रेलवे ट्रैक पर धमाका, मौके से संदिग्ध हमलावर का शव बरामद, जांच तेज

पटियाला: पंजाब के पटियाला में सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक के पास हुए धमाके से हड़कंप मच गया। शंभू-अंबाला रेल लाइन के पास हुए इस विस्फोट में ट्रैक को नुकसान पहुंचा है। घटना स्थल के पास से एक व्यक्ति का शव भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस अब संदिग्ध हमलावर मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए आरक्षित ट्रैक के पास जोरदार धमाका हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डीआईजी और पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।

एसएसपी वरुण शर्मा के मुताबिक, यह एक लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट था, लेकिन इससे रेलवे ट्रैक को आंशिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान बाद में जगरूप सिंह के रूप में हुई है, जो तरन तारन जिले के पंजवार खुराद गांव का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वही व्यक्ति विस्फोटक लगाने की कोशिश कर रहा था और धमाके में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि संदिग्ध ने निहंग सिंह का वेश धारण किया हुआ था। फिलहाल फॉरेंसिक टीम मौके से सैंपल इकट्ठा कर रही है, ताकि इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और किसी भी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी महीने में भी सरहिंद के पास फ्रेट कॉरिडोर ट्रैक पर इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें एक ट्रेन का इंजन क्षतिग्रस्त हुआ था और लोको पायलट घायल हो गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here