Home देश दुनिया Nagaland IED Blast: नगालैंड में असम राइफल्स के काफिले पर आईईडी हमला,...

Nagaland IED Blast: नगालैंड में असम राइफल्स के काफिले पर आईईडी हमला, एक जवान बलिदान, चार घायल

0
3
Nagaland IED Blast, Assam Rifles, Nagaland News, Manipur Attack, India News

Nagaland IED Blast: नगालैंड में असम राइफल्स के काफिले पर आईईडी हमला, एक जवान बलिदान, चार घायल

पूर्वोत्तर भारत में सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं के बीच नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले में असम राइफल्स के काफिले को निशाना बनाकर किए गए संदिग्ध आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) धमाके में एक जवान बलिदान हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। घायल जवानों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) कर्नल अमित शुक्ला ने बताया कि यह धमाका उस समय हुआ जब असम राइफल्स की टीम एक ऑपरेशन पर निकली हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों के वाहनों को निशाना बनाकर सड़क किनारे लगाए गए आईईडी में विस्फोट किया गया। हालांकि, फिलहाल अधिकारियों ने शहीद और घायल जवानों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, असम राइफल्स का काफिला नियमित गश्त और अभियान के दौरान चुमौकेदिमा क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे लगाए गए शक्तिशाली विस्फोटक में अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि एक जवान ने मौके पर ही वीरगति प्राप्त कर ली, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। घायल जवानों को तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल जवानों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना के तुरंत बाद असम राइफल्स, नगालैंड पुलिस और सेना की अतिरिक्त टुकड़ियों को मौके पर भेजा गया। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर चुमौकेदिमा और आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल लोगों की तलाश कर रही हैं और आसपास के इलाकों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है।

धमाके की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीमों को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। जांच एजेंसियां विस्फोट स्थल से साक्ष्य एकत्र कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आईईडी किस प्रकार का था, उसे किस तकनीक से लगाया गया और हमले की साजिश किसने रची। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है और सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही हैं।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पूर्वोत्तर भारत में सुरक्षा बलों पर हमलों को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। इससे पहले 6 जुलाई को मणिपुर के उखरूल जिले में असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला किया था। उस हमले में असम राइफल्स की 40वीं बटालियन के वारंट अधिकारी बलवंत सिंह और हवलदार सी.एम. सिंह वीरगति को प्राप्त हुए थे। उस दौरान सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच काफी देर तक गोलीबारी भी हुई थी।

लगातार कम समय के भीतर असम राइफल्स को निशाना बनाकर हुए इन हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा बलों ने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है और सभी परिचालन क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here