
Mahavir Nirvan Katha: भारत मंडपम में भव्य मंचन, मनोज जैन ने राजा हस्तिपाल की भूमिका निभाकर जीवंत किए ऐतिहासिक प्रसंग
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज)। भगवान महावीर के अहिंसा, करुणा, त्याग, तपस्या और ‘जियो और जीने दो’ के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भगवान महावीर देशना फाउंडेशन एवं BRJ प्रोडक्शंस की ओर से रविवार को भारत मंडपम में भव्य आध्यात्मिक आयोजन ‘महावीर 3.1 – भगवान महावीर निर्वाण कथा’ का मंचन किया गया। संगीतमय कथावाचन, नाट्य प्रस्तुतियों और आधुनिक दृश्य तकनीक से सुसज्जित इस आयोजन में भगवान महावीर के जीवन, उनके सिद्धांतों और निर्वाण से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने राजा हस्तिपाल की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक भूमिका निभाई। अपने प्रभावशाली अभिनय और संवादों के माध्यम से उन्होंने भगवान महावीर के जीवन से जुड़े प्रसंगों को मंच पर सजीव कर दिया। वहीं सुधीर जैन ने राजा नंदीवर्धन की भूमिका निभाई। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति ने कथा को विशेष नाटकीय प्रभाव प्रदान किया और दर्शकों को ऐतिहासिक घटनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कथावाचक राजीव जैन CA ने अपने ओजस्वी, भावपूर्ण और संगीतमय कथावाचन के माध्यम से लगभग 2552 वर्ष पुरानी पावापुरी की गाथा तथा भगवान महावीर के जीवन के अंतिम अध्याय को विस्तार से प्रस्तुत किया। मौलिक संगीत, नाट्य प्रस्तुतियों और आधुनिक दृश्य तकनीक के जरिए दर्शकों को भगवान महावीर के जन्म, बाल्यकाल, वैराग्य, दीक्षा, कठोर तपस्या, केवलज्ञान और निर्वाण की आध्यात्मिक यात्रा से परिचित कराया गया। कथा के प्रत्येक प्रसंग को इस तरह प्रस्तुत किया गया कि दर्शक भगवान महावीर के जीवन दर्शन और उनके उपदेशों की गहराई को समझ सकें।
कार्यक्रम में अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक पूज्य आचार्य लोकेश मुनि, संत श्री आदर्श मुनि तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंगलाचरण के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। अतिथियों और आगंतुकों का केसर तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा दीपोत्सव के लिए दीपक भेंट किए गए। एलईडी स्क्रीन पर प्राचीन पावापुरी और भगवान महावीर के अंतिम चातुर्मास से जुड़े दृश्य दिखाए गए, जिससे आयोजन का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण और अधिक प्रभावशाली बन गया।

कथा का एक प्रमुख आकर्षण चंदनबाला का मार्मिक प्रसंग रहा। इसमें कौशाम्बी के वत्स नरेश शतानीक और चम्पा के राजा दधिवाहन के बीच हुए युद्ध तथा उससे उत्पन्न मानवीय पीड़ा को मंच पर साकार किया गया। इस प्रसंग के माध्यम से वर्तमान समय में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्धों और संघर्षों के संदर्भ में भगवान महावीर के अहिंसा एवं अपरिग्रह के सिद्धांतों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया गया। पांच महीने और पच्चीस दिन की प्रतीक्षा के बाद चंदनबाला के हाथों भगवान महावीर द्वारा आहार ग्रहण करने का दृश्य विशेष रूप से भावुक रहा और दर्शकों को गहरे आध्यात्मिक भाव से जोड़ गया।
प्रस्तुति में भगवान महावीर के समता, स्वतंत्रता और प्रत्येक जीव के अस्तित्व के अधिकार से जुड़े विचारों को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 में निहित मूल्यों से जोड़कर भी समझाया गया। राजा श्रेणिक के साथ संवाद, कर्म सिद्धांत, चार गतियों, आत्मशुद्धि और मोक्षमार्ग जैसे गूढ़ विषयों को सरल उदाहरणों के माध्यम से दर्शकों के सामने रखा गया। इसके साथ ही गौतम स्वामी के केवलज्ञान प्राप्त करने के प्रसंग को भी भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम की सूत्रधार एवं क्रिएटिव डायरेक्टर अभीषा जैन ने विभिन्न ऐतिहासिक और आध्यात्मिक प्रसंगों को अपने प्रभावशाली संवादों के माध्यम से आपस में जोड़ा। वहीं संगीत निर्देशक प्रदीप जैन की मौलिक संगीत रचनाओं ने कथा को विशिष्ट संगीतमय स्वरूप प्रदान किया। संगीत, अभिनय, कथावाचन और दृश्य प्रस्तुतियों के समन्वय ने पूरे आयोजन को एक भव्य आध्यात्मिक अनुभव का रूप दिया।
समापन अवसर पर निर्वाण गीत, हजारों दीपों से सजे दीपोत्सव और भगवान महावीर की भव्य आरती ने भारत मंडपम को भक्तिमय वातावरण से आलोकित कर दिया। आयोजन का सीधा प्रसारण टेलीविजन और यूट्यूब चैनलों के माध्यम से देश-विदेश में किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोग इस आध्यात्मिक प्रस्तुति से जुड़ सके।
इस आयोजन के माध्यम से अहिंसा, अनेकांतवाद, अपरिग्रह, शाकाहार, सदाचार, नशामुक्त जीवन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। विशेष रूप से पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, वनस्पति और प्रत्येक जीव के अस्तित्व के सम्मान को भगवान महावीर के दर्शन का मूल आधार बताया गया। प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि सभी जीवों के प्रति संवेदना, सह-अस्तित्व और करुणा का भाव अपनाकर ही समाज में शांति और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।
आयोजन को सफल बनाने में भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के निदेशक सुभाष ओसवाल जैन, मनोज जैन, राजीव जैन CA और अनिल कुमार जैन CA का विशेष योगदान रहा। मानद मेजबान सत्यभूषण जैन तथा क्षेत्रीय निदेशक मनीष जैन, क्रिस्टी जैन और शुभम जैन ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
BRJ प्रोडक्शंस की संस्थापक एवं निर्माता बीना जैन, सह-निर्माता वर्षु जैन और एडवोकेट मणिभद्र जैन ने इस भव्य प्रस्तुति को साकार करने में अहम योगदान दिया। इसके अतिरिक्त अरुण आर. डी. जैन, रवि जैन, अशोक जैन, विपुल जैन, CA नविता जैन, श्रुति जैन, अशोक जाजवान और गौरव ओसवाल का भी विशेष सहयोग रहा। आयोजन में Paraflex Cables, Amore Moments, SS Equipment, Lotus Stationery, Nitara Jewellery और Easy Credits ने सहयोगी संस्थाओं के रूप में योगदान दिया।
भगवान महावीर देशना फाउंडेशन का यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक और नाट्य प्रस्तुति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज को प्रेम, करुणा, सह-अस्तित्व और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला आध्यात्मिक प्रयास भी बना। कार्यक्रम के संदेश को इन पंक्तियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया—“ये महावीर का पंथ है, हर प्राणी में संत है” और “जियो और जीने दो।”





आपकी राय