
Karol Bagh Fire: दिल्ली में पूसा रोड के पास इमारत में लगी आग, धुएं के गुबार से इलाके में दहशत
शुक्रवार, 20 नवंबर की रात दिल्ली के करोल बाग में पूसा रोड के पास स्थित एक इमारत आग की चपेट में आ गई. ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया.
समाचार एजेंसी एएनआई ने घटना का वीडियो जारी करते हुए आग लगने की पुष्टि की है. आग किस वजह से लगी और कितना नुकसान हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी अभी आनी बाकी है.
बता दें कि इस महीने करोल बाग में आग की यह दूसरी बड़ी घटना है. इससे पहले 6 नवंबर, शुक्रवार सुबह गफ्फार मार्केट में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकानों वाली एक चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में भयंकर आग लगी थी.

पुलिस के मुताबिक, तब करोल बाग थाने को चैन वाली गली में आग लगने की पीसीआर कॉल मिली थी. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और नाइट स्टाफ ने देखा कि पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में आग लगी थी, जहां मोबाइल एक्सेसरीज का काम होता है.
तब आग बुझाने के लिए लगभग 20 से 25 दमकल गाड़ियां, तीन कैट एंबुलेंस और दो पीसीआर वाहन मौके पर भेजे गए थे. आग पर काबू पा लिया गया था. उस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था और सिर्फ संपत्ति का नुकसान हुआ था.
इसके अलावा, गुरुवार 19 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर-2 में जी-5 इमारत के बेसमेंट में आग भड़क उठी थी. इस हादसे में बेसमेंट में चल रहे ऑफिस के 23 साल के कर्मचारी गौरव की जलने से मौत हो गई. वहीं 38 साल के परमजीत शर्मा 30 फीसदी तक झुलस गए, जिनका उपचार जारी है.





आपकी राय