
Bishnoi Gang Extortion: अनमोल बिश्नोई बनकर प्रॉपर्टी डीलर से मांगे 60 लाख, ड्राइवर का बेटा मानेसर से गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के जनकपुरी में एक प्रॉपर्टी डीलर से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम पर 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के आधार पर जनकपुरी थाना पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के मानेसर से गिरफ्तार कर लिया. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी उसी परिवार के ड्राइवर का बेटा निकला, जो 27 साल से वहां नौकरी कर रहा है.
पश्चिमी जिले के एडिशनल डीसीपी सौरभ चंद्रा ने जानकारी दी कि जनकपुरी निवासी प्रॉपर्टी डीलर जतिन गाबा ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई थी. उनके मुताबिक, पत्नी के व्हाट्सएप पर अनमोल बिश्नोई के नाम से धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे थे, जिनमें 60 लाख रुपये न देने पर जान से मारने की बात कही गई थी.
परिवार को डराने के लिए आरोपी ने रैपिडो राइडर के हाथों उनके घर एक लिफाफा भी भेजा था. उसमें 10 रुपये के लैमिनेटेड नोट का आधा हिस्सा रखा गया था, जिसका इस्तेमाल एक तरह के कोड या पहचान के रूप में होना था.

मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया. घर और आसपास की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर टीम ने रैपिडो राइडर को पहचाना. राइडर ने पूछताछ में बताया कि पार्सल की बुकिंग मानेसर से की गई थी. फिर तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 27 वर्षीय आशु मौर्य तक पहुंची और उसे मानेसर में पकड़ लिया.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आशु मौर्य ने कबूल किया कि वह भारी आर्थिक तंगी में था. उसके पिता लंबे समय से उसी परिवार के ड्राइवर हैं, इसलिए उसे परिवार की आर्थिक स्थिति और मोबाइल नंबरों की पूरी जानकारी थी. जल्द पैसा कमाने और खौफ पैदा करने के इरादे से उसने बिश्नोई गैंग का नाम लिया. रकम लेते समय पहचान के लिए उसने 10 रुपये का नोट लैमिनेट करके दो टुकड़ों में काटा, एक टुकड़ा घर भिजवाया और दूसरा खुद रख लिया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 स्मार्टफोन, एक वनप्लस टैबलेट, वारदात में इस्तेमाल सिम कार्ड, लैमिनेटेड नोट का दूसरा आधा टुकड़ा और वह मोटरसाइकिल बरामद की है, जिस पर सवार होकर वह लिफाफा देने राइडर के पास गया था. जनकपुरी पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस साजिश में कोई और शामिल था या नहीं.





आपकी राय