
Gondia Air Hostess Murder: एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की हत्या में दोस्त की पत्नी गिरफ्तार, 13 लाख में दी थी सुपारी
पुलिस का दावा है कि महाराष्ट्र के गोंदिया में हुई एयर होस्टेस वर्षा तूरकर की हत्या का राज खुल गया है. पुलिस के अनुसार वर्षा के दोस्त नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल ही इस वारदात की साजिशकर्ता थीं. हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी. मोना सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया गया है, वहीं दो अन्य की खोज जारी है.
पुलिस के मुताबिक 35 वर्षीय वर्षा पुणे की निवासी थीं और दिवाली मनाने खैरलांजी में अपने मायके आई हुई थीं. 14 नवंबर को वह नितेश अग्रवाल के साथ गोंदिया से तिरोड़ा गईं. लौटते समय बोंद्रानी गांव के पास शिव मंदिर के नजदीक जंगल में तीन हमलावरों ने कार रुकवाई और वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया. गहरे घावों की वजह से उनकी जान चली गई.
जांच से पता चला कि पति और वर्षा के करीबी रिश्ते को लेकर मोना नाराज चल रही थीं. पुलिस ने बताया कि मोना ने अपने परिचित कुणाल कुंभलकर के जरिए शाहरुख पठान से बात की, और हत्या का सौदा 13 लाख रुपये में तय हुआ. पुलिस के अनुसार कई लोग मिलकर वर्षा की निगरानी कर रहे थे और सही मौका मिलते ही उन्होंने हमला कर दिया.

पुलिस के अनुसार कार में लगा GPS इस मामले का सबसे अहम सुराग साबित हुआ. वर्षा के साथ नितेश जिस कार में था, वह मोना के नाम पर रजिस्टर्ड थी. इस कार में GPS डिवाइस लगा था, जिसकी लोकेशन मोबाइल ऐप पर दिखती थी. इसी के जरिए आरोपी कार की हर हलचल पर नजर रखे हुए थे और जैसे ही कार जंगल वाले हिस्से में पहुंची, उन्होंने वारदात कर दी.
केस की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया लोकल क्राइम ब्रांच ने कुल छह टीमें गठित कीं. घटनास्थल और उसके आसपास लगे लगभग 200 CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई, और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी.
गोंदिया के एसपी गोरख भामरे ने जांच के बारे में जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपियों में इमरान शेख, शाहरुख पठान, कुणाल कुंभलकर और मोना अग्रवाल शामिल हैं, जबकि नलेन उर्फ नायलन शेख और कृष राउत अब भी फरार हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि सुपारी के पैसों का लेन-देन किस तरह हुआ और हर आरोपी की भूमिका क्या थी.




आपकी राय