ICC: जन्मदिन पर सौरव गांगुली को मिला बड़ा सम्मान, आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली को उनके 54वें जन्मदिन पर बड़ा सम्मान मिला है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के प्रतिष्ठित हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही गांगुली यह सम्मान पाने वाले भारत के 12वें क्रिकेटर बन गए हैं। इस उपलब्धि पर उन्होंने आईसीसी और चेयरमैन जय शाह का आभार जताते हुए इसे अपने क्रिकेट करियर का सबसे बड़े सम्मानों में से एक बताया।
हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के बाद सौरव गांगुली ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि आईसीसी और चेयरमैन जय शाह का धन्यवाद, जिन्होंने उन्हें इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के महान क्रिकेटरों के बीच अपना नाम देखना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के साथ ही गांगुली अब भारत के उन महान खिलाड़ियों की सूची का हिस्सा बन गए हैं, जिसमें सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, वीरेंद्र सहवाग, बिशन सिंह बेदी, वीनू मांकड़, डायना एडुल्जी, नीतू डेविड और एमएस धोनी जैसे दिग्गज पहले से शामिल हैं।
सौरव गांगुली ने 1992 से 2008 तक भारत का प्रतिनिधित्व किया। अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 113 टेस्ट और 311 वनडे मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 7,212 रन और 32 विकेट दर्ज हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 11,363 रन बनाने के साथ 100 विकेट भी हासिल किए। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 2003 आईसीसी वनडे विश्व कप के फाइनल तक का यादगार सफर तय किया था और भारतीय क्रिकेट को नई दिशा मिली।
इस दौरान गांगुली ने हाल ही में सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारतीय टीम के प्रदर्शन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि टीम की हालिया हार निराशाजनक है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम मजबूत वापसी करेगी। हालांकि, उन्होंने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने के फैसले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि टीम चयन पूरी तरह टीम प्रबंधन का विषय है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।



