पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से चर्चा में आया गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई जेल में बंद है। मगर वहां रहते हुए भी वह सलमान खान के खिलाफ साजिश रचने से बाज नहीं आ रहा है। वह सलमान खान से इस हद तक खफा है कि उनकी हत्या की साजिश तक का प्लान बना रहा है। दरअसल हाल ही में गैंगस्टर से पूछताछ के दौरान यह हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा है कि उसका समुदाय बॉलीवुड स्टार सलमान खान को कभी माफ नहीं करेगा, जब तक कि वह काले हिरण की हत्या के लिए सार्वजनिक रूप से मांफी नहीं मांग लेते।
सलमान के घर से शूटिंग लोकेशन तक की रेकी की
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने यह जानकारी दी है। लॉरेंस बिश्नोई काला हिरण मामले में सलमान खान को दोषी मानता है। दरअसल स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने कहा कि पंजाब के फिरोजपुर में एक समृद्ध परिवार में जन्मा बिश्नोई पहली बार तब सुर्खियों में आया था, जब उसने 1998 के काले हिरण की हत्या को लेकर सलमान खान से बदला लेने का एलान किया था। प्रमोद कुशवाहा ने कहा कि जून 2018 में जब बिश्नोई गैंग के अहम सदस्य संपत नेहरा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था तो उसने भी खुलासा किया था कि उसका गैंग सलमान खान की हत्या करना चाहता है। बता दें कि वर्ष 2020 में बिश्नोई गैंग ने राहुल उर्फ बाबा नाम के शार्प शूटर को सलमान खान की हत्या के लिए भेजा था। उसने सलमान के घर से शूटिंग लोकेशन तक की रेकी की थी।
सलमान और उनके पिता या तो जांबाजी मंदिर में जाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे
बता दें सलमान खान को काला हिरण केस में दोषी करार दिया जा चुका है और 2018 में उन्हें 5 साल की सजा सुनाई गई थी। काला हिरण मामले में सलमान खान के वकील हस्तीमल को भी जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। डीसीपी प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि सलमान के वकील को एक पत्र में यह धमकी मिली थी कि सिद्धू मूसेवाला की तरह ही उनका हाल होगा। वहीं एक और अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने यह साफ-साफ कहा कि बिश्नोई काले हिरण को अपने धर्म गुरु का पुनर्जन्म मानते हैं। भगवान जंभेश्वर को जाबांजी के रूप में भी जाना जाता है। अदालत से बरी हो जाना या फिर कोई सजा मिल जाना उनके लिए अंतिम फैसला नहीं होगा। सलमान और उनके पिता या तो जांबाजी मंदिर में जाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। या तो बिश्नोई उन्हें मार देंगे।



