Delhi Dehradun Expressway: एक्सप्रेस वे से विकास, पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार : दीपक गाबा
मील का पत्थर साबित होगा एक्सप्रेस वे
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ):देश में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे परियोजना के एक अहम चरण का शुभारंभ किया। यह परियोजना न केवल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ने का काम करेगी, बल्कि पूरे उत्तर भारत में आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी शाहदरा जिले के अध्यक्ष दीपक गाबा का | दीपक गाबा कहते हैं करीब 210 किलोमीटर लंबे इस अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे के पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद दिल्ली से देहरादून की यात्रा, जो वर्तमान में 5 से 6 घंटे तक का समय लेती है, घटकर लगभग 2 से ढाई घंटे रह जाएगी। इससे न केवल यात्रियों का समय बचेगा बल्कि ईंधन की खपत में कमी आएगी और लॉजिस्टिक्स लागत भी घटेगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह एक्सप्रेस वे ‘गति शक्ति’ राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत विकसित की जा रही उन प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है, जिनका उद्देश्य देश में मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। इस परियोजना के माध्यम से दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जिससे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस एक्सप्रेस वे के शुरू होने से उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार तक पहुंच पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगी। इससे पर्यटन उद्योग को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा, होटल, ट्रांसपोर्ट और स्थानीय व्यवसायों में वृद्धि होगी तथा हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।इसके अतिरिक्त, यह परियोजना क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। इससे छोटे शहरों और कस्बों को राष्ट्रीय राजधानी से सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी। दीपक गाबा ने दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और विशेष रूप से उत्तर भारत को एक नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि इस महत्वपूर्ण एक्सप्रेसवे का मार्ग हमारे क्षेत्र से होकर गुजर रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों को सीधा और बड़ा लाभ मिलेगा। दीपक गाबा कहते हैं कि पहले खजूरी पुस्ता, शास्त्री पार्क और गांधीनगर जैसे इलाकों में लोगों को रोजाना भारी जाम का सामना करना पड़ता था, जहां घंटों का समय बर्बाद हो जाता था।
लेकिन अब इस एक्सप्रेस वे और फ्लाईओवर के माध्यम से वही दूरी महज़ कुछ मिनटों में तय की जा सकेगी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि भजनपुरा से गीता कॉलोनी तक का सफर, जो पहले लंबा और थकाऊ होता था, अब बेहद आसान और तेज़ हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस परियोजना के चलते न केवल ट्रैफिक जाम में भारी कमी आएगी, बल्कि लोगों के समय की भी बड़ी बचत होगी। खेकड़ा तक की दूरी अब लगभग 20 मिनट में तय की जा सकेगी, वहीं अक्षरधाम और नोएडा की ओर आवागमन भी बेहद सुगम हो जाएगा।अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस जनहितकारी और दूरदर्शी परियोजना के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह एक्सप्रेस वे क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा के लिए मील का पत्थर साबित होगा।



