Home देश दुनिया Dehradun Haridwar Highway Accident: देहरादून हरिद्वार हाईवे हादसा कई गाड़ियों की टक्कर,...

Dehradun Haridwar Highway Accident: देहरादून हरिद्वार हाईवे हादसा कई गाड़ियों की टक्कर, महिला की मौत, 15 घायल

0
36

Dehradun Haridwar Highway Accident: देहरादून हरिद्वार हाईवे हादसा कई गाड़ियों की टक्कर, महिला की मौत, 15 घायल

देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायवाला क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कई वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।

पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रविवार देर रात होटल गॉडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर हुई। रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस ने पीछे से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के बाद पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन बस से टकरा गई। इसके बाद दो अन्य वाहन भी एक-एक कर दुर्घटना का शिकार हो गए।

बताया जा रहा है कि वाहनों की जोरदार टक्कर के कारण स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए वाहनों से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिये के नीचे आने से 30 वर्षीय कुसुम नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद की रहने वाली बताई जा रही है।

इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 15 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में चार महिलाएं और 12 वर्ष से कम उम्र के सात बच्चे भी शामिल हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक कासिफ (23), जो मुजफ्फरनगर के शामली का निवासी है, वह भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के बिजनौर और नजीबाबाद के रहने वाले थे। वे देहरादून में आयोजित झंडा मेले में शामिल होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के कारण देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और रास्ता साफ करने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here