Delhi Fire Tragedy: विकासपुरी में आधी रात धू-धू कर जली प्राइवेट बस, कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विकासपुरी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रविवार देर रात एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में बस के अंदर मौजूद 25 वर्षीय कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई और युवक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
घटना 8 फरवरी की आधी रात के आसपास की बताई जा रही है। विकासपुरी इलाके में खड़ी प्राइवेट बस संख्या HR55AX-5463 में अचानक आग भड़क उठी। रात के सन्नाटे को चीरती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली फायर सर्विस को दी। दमकल विभाग को रात करीब 12.35 बजे आग लगने की कॉल मिली, जिसके बाद तीन फायर टेंडर तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस के अंदर मौजूद कंडक्टर सुनील शर्मा बाहर नहीं निकल पाया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। रात करीब 1.50 बजे ऑपरेशन पूरा होने के बाद बस के अंदर से सुनील शर्मा का जला हुआ शव बरामद किया गया।
दमकल अधिकारी अमित कुमार ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि आग बेहद तेजी से फैली, जिससे अंदर फंसे युवक को बचने का कोई मौका नहीं मिल सका। वहीं सूचना मिलने पर विकासपुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल विक्रम और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। एक युवा कंडक्टर की इस तरह जिंदा जलकर मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर प्राइवेट बसों की सुरक्षा व्यवस्था और उनमें आग से बचाव के इंतजामों को लेकर। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।



