गोकलपुर ड्रेन की सफाई को लेकर मेयर राजा इकबाल सिंह नें किया निरीक्षण : अजय महावर
* संदीप कपूर,रेखा रानी भी रहे निरीक्षण में साथ
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : दिल्ली नगर निगम के मेयर राजा इक़बाल सिंह ने विधायक अजय महावर के आग्रह पर शनिवार को गोकलपुर ड्रेन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर नगर निगम डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर, पार्षद रेखा रानी, पार्षद प्रीति गुप्ता, निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा सहित नगर निगम और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य गोकलपुर ड्रेन की सफाई की प्रगति की समीक्षा करना और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश देना था।

यह दौरा खजूरी चौक नाला से पाँचवें पुस्ते नाला तक किया गया, जहाँ नालों की सफाई, कचरा निष्कासन और जल प्रवाह की स्थिति का जायज़ा लिया गया। मेयर राजा इक़बाल सिंह ने अधिकारियों को उनके दायित्वों के निर्वहन में जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा, जलभराव और अस्वच्छता की समस्या का समाधान नियमित और समयबद्ध सफाई से ही संभव है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
विधायक अजय महावर ने कहा कि क्षेत्र में सफाई और जल निकासी लंबे समय से स्थानीय निवासियों की प्रमुख चिंता रही है। उन्होंने कहा, प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। नगर निगम डेम्स कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर ने सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी पर जोर देते हुए कहा, ड्रेनों की नियमित सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से ही बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति से बचा जा सकता है। संबंधित विभागों को तय मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करना होगा।
पार्षद रेखा रानी ने स्थानीय स्तर पर उठ रही शिकायतों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि नालों की नियमित सफाई और सतत निगरानी आवश्यक है। वहीं पार्षद प्रीति गुप्ता ने कहा कि सफाई व्यवस्था में निरंतरता बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम के अनुसार, क्षेत्र में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।



