Donkey Route Case: डंकी रूट नेटवर्क पर ED का बड़ा प्रहार, 5 करोड़ कैश, 6 किलो सोना और 313 किलो चांदी जब्त
डंकी रूट के जरिए अवैध इमिग्रेशन कराने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की काली कमाई का खुलासा किया है। ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय ने 18 दिसंबर 2025 को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में एक साथ 13 ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 19.13 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इस कार्रवाई में नकदी, भारी मात्रा में सोना-चांदी के साथ-साथ कई अहम डिजिटल और दस्तावेजी सबूत भी हाथ लगे हैं।
ईडी के मुताबिक दिल्ली स्थित एक ट्रैवल एजेंट इस पूरे रैकेट का मुख्य सूत्रधार है, जो डंकी रूट के जरिए लोगों को अवैध रूप से अमेरिका भेजने का काम करता था। उसके ठिकानों से 4.62 करोड़ रुपये नकद, 313 किलो चांदी और 6 किलो सोने की ईंटें बरामद की गई हैं। तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, चैट रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा और कई ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जो इस अवैध नेटवर्क के मनी ट्रेल और ऑपरेशन को उजागर करते हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अमेरिका भेजने के बदले लोगों से मोटी रकम वसूलता था और भुगतान की गारंटी के तौर पर पीड़ितों के जमीन और मकान के कागजात अपने पास रख लेता था। हरियाणा में की गई छापेमारी के दौरान भी डंकी ऑपरेटरों के ठिकानों से कई आपत्तिजनक रिकॉर्ड बरामद हुए हैं, जिनसे नेटवर्क के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का पता चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार यह नेटवर्क खासतौर पर मेक्सिको बॉर्डर के जरिए अमेरिका में अवैध प्रवेश कराता था, जिसे आमतौर पर डंकी रूट कहा जाता है। इस पूरे रैकेट में ट्रैवल एजेंट, बिचौलिए और विदेशी संपर्कों की एक संगठित चेन सक्रिय थी। ईडी अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच से कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ईडी ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अभी जारी जांच का हिस्सा है और आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा संपत्तियों की कुर्की की जा सकती है। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े पैसों के पूरे लेन-देन, अंतरराज्यीय कड़ियों और विदेशी संपर्कों को खंगालने पर फोकस कर रही है।



