Pakistan Factory Blast: पाकिस्तान के फैसलाबाद में केमिकल फैक्ट्री का बॉयलर फटा, भयानक धमाके में 15 की मौत, कई घायल
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शुक्रवार तड़के एक भयावह औद्योगिक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। फैसलाबाद जिले के मलिकपुर इलाके में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि फैक्ट्री में आग भड़क उठी और उसके आसपास मौजूद इमारतें भी ढह गईं। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
धमाके के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और फैक्ट्री के कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकले। जोरदार धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट की ताकत इतनी अधिक थी कि पास की एक पूरी बिल्डिंग जमीन पर आ गिरी।
फैसलाबाद के डिप्टी कमिश्नर राजा जहांगीर अनवर ने बताया कि रेस्क्यू टीमें त्वरित रूप से मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया। अब तक मलबे से 15 शव बरामद किए गए हैं, जबकि सात घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए पूरे जिले की मशीनरी को राहत कार्य में लगा दिया गया है।
पुलिस इंस्पेक्टर जनरल डॉ. उस्मान अनवर ने रेस्क्यू 1122, फायर ब्रिगेड और अन्य सभी एजेंसियों को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्य में कोई कमी ना रहने दी जाए। मौके पर भारी संख्या में रेस्क्यू टीमें तैनात हैं और मलबा हटाने का काम तेज किया गया है।
हादसे के बाद पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस दुखद दुर्घटना में कई कीमती जानों का जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए फैसलाबाद कमिश्नर से पूरे हादसे पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
फैक्ट्री में हुए इस भीषण विस्फोट के कारणों की अभी जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक अनुमान है कि बॉयलर के तकनीकी खराबी के चलते यह धमाका हुआ। पाकिस्तान में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, और यह हादसा एक बार फिर फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।



