Delhi Crime: दिल्ली-एनसीआर में हथियार तस्करी का बड़ा नेटवर्क पकड़ाया, क्राइम ब्रांच ने कुख्यात आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियार तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसीपी नरेंद्र बेनीवाल और इंस्पेक्टर संदीप तुषीर की टीम ने रोहिणी इलाके से कुख्यात हथियार तस्कर गौरव कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 14 अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 6 अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और 8 सिंगल शॉट पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 56 जिंदा कारतूस और 4 अतिरिक्त मैगज़ीन भी जब्त किए गए।
जांच में खुलासा हुआ है कि गौरव कुमार मध्य प्रदेश के खरगोन से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के अपराधियों को सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक वह पिछले 4-5 महीनों से अवैध हथियार तस्करी में सक्रिय था और उसके नेटवर्क के माध्यम से बड़े पैमाने पर अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराए जा रहे थे।
क्राइम ब्रांच ने बताया कि गौरव कुमार का नाम पहले भी दिल्ली और पंजाब पुलिस के कई मामलों में सामने आया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अवैध हथियारों की आपूर्ति में बड़ा झटका लगेगा और अपराधियों की गतिविधियों पर असर पड़ेगा।


