Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Blast 2025: दिल्ली ब्लास्ट के दो दिन बाद टीन शेड पर...

Delhi Blast 2025: दिल्ली ब्लास्ट के दो दिन बाद टीन शेड पर मिला कटा हुआ हाथ, जांच में नया मोड़

0
50

Delhi Blast 2025: दिल्ली ब्लास्ट के दो दिन बाद टीन शेड पर मिला कटा हुआ हाथ, जांच में नया मोड़

दिल्ली के लाल किले के सामने स्थित न्यू लाजपत राय मार्केट में हुए भीषण धमाके के दो दिन बाद इलाके में दहशत का माहौल अब भी बरकरार है। गुरुवार सुबह बाजार से करीब 300 मीटर दूर एक दुकान के टीन शेड पर मानव शरीर का कटा हुआ हाथ मिलने से जांच एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह वही इलाका है जहां 10 नवंबर 2025 को ब्लास्ट हुआ था, जिसमें अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, यह हाथ धमाके के दौरान उड़कर शरीर से अलग हो गया था और न्यू लाजपत राय मार्केट की एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान की छत पर जा गिरा। दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर हाथ के टुकड़े को बरामद किया और डीएनए जांच के लिए भेज दिया है। अब पुलिस के सामने इस कटे हुए हाथ की पहचान स्थापित करने की चुनौती है।

न्यू लाजपत राय मार्केट दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में लाल किले के ठीक सामने स्थित एक भीड़भाड़ वाला थोक इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार है। यहां घड़ियों, मोबाइल एक्सेसरीज़, गैजेट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की सैकड़ों दुकानें हैं, जहां देशभर से व्यापारी खरीदारी करने आते हैं। ब्लास्ट के बाद बाजार को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, लेकिन धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं।

जांच एजेंसियों ने खुलासा किया है कि विस्फोट में मरने वालों की संख्या 13 तक पहुंच गई है, जिनमें से 10 की पहचान हो चुकी है। इनमें 9 नागरिक और एक आतंकी डॉ. उमर मोहम्मद शामिल है। उमर मोहम्मद वही व्यक्ति था जो ब्लास्ट के समय कार चला रहा था। विस्फोट के बाद उसका शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। जांचकर्ताओं ने कार से मिले बॉडी पार्ट्स का डीएनए मिलान डॉ. उमर की मां के सैंपल से किया, जो मैच कर गया, जिससे उसकी पहचान पक्की हो गई।

नवीनतम जानकारी के अनुसार, धमाके में घायल बिलाल, जो वेंटिलेटर पर था, की भी मौत हो गई है। अब पुलिस दो अन्य अज्ञात शवों की पहचान के प्रयास में लगी है। फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से मिले मानव अंगों का डीएनए परीक्षण कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि वे किसके हैं।

इस बीच पुलिस को इस मामले में तीसरी संदिग्ध कार की तलाश है। अब तक जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम हुए विस्फोट में सफेद हुंडई i20 कार का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा एक लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट भी फरीदाबाद में बरामद की गई है। लेकिन अब एजेंसियां एक तीसरी कार — मारुति ब्रेज़ा — की खोज में जुटी हैं, जिसे संदिग्धों द्वारा रेकी या भागने के लिए इस्तेमाल किए जाने का संदेह है। दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में इस गाड़ी को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बताया कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। टीमों ने अब तक कई CCTV फुटेज और डिजिटल सबूत जुटाए हैं, जिनसे यह संकेत मिलता है कि ब्लास्ट से पहले आतंकी उमर मोहम्मद बिना मास्क के इलाके में घूमता दिखाई दिया था। माना जा रहा है कि ब्लास्ट में शामिल नेटवर्क का संबंध अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन ISIS से हो सकता है।

फिलहाल पुलिस ने न्यू लाजपत राय मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और आसपास के सभी दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here