Bihar election cash seizure: प्लास्टिक के थैलों में भरे थे 500-500 के नोट, ट्रेन में बरामद हुए 24 लाख रुपये
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में कैश बरामद किया है।
पुलिस ने एक युवक के पास से 24 लाख 40 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं, जिन्हें प्लास्टिक के थैलों में पैक कर ले जाया जा रहा था।
बिहार चुनाव को लेकर बढ़ी चौकसी
बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश-बिहार के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारतीय रेलवे भी लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही है।
इसी दौरान डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान वाराणसी से बिहार की ओर जा रहे युवक के पास से 24 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह धनराशि चुनाव खर्च के लिए तो नहीं भेजी जा रही थी।
पंजाब मेल एक्सप्रेस में हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अमृतसर से हावड़ा जा रही पंजाब मेल एक्सप्रेस में की गई। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो अंदर प्लास्टिक के दो थैलों में पांच-पांच सौ रुपये के नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक के पास इतनी बड़ी रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था, जिसके चलते उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने दी आयकर विभाग को सूचना
जीआरपी डीडीयू जंक्शन के प्रभारी निरीक्षक एस.के. सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई चुनाव से पहले चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई।
उन्होंने कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर उच्च अधिकारियों के निर्देश पर हर ट्रेन और स्टेशन पर कड़ी जांच की जा रही है। इसी दौरान पकड़े गए युवक के पास से 24 लाख 40 हजार रुपये नकद मिले हैं। उसके पास किसी भी तरह का वैध कागजात नहीं था।”
आयकर विभाग और अन्य एजेंसियों को अलर्ट किया गया
फिलहाल बरामद कैश को लेकर आयकर विभाग और संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पैसा कहां से आया और बिहार में किसे पहुंचाया जाना था।
चुनाव से पहले इतनी बड़ी रकम बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई है।



