Delhi Encounter: उस्मानपुर में मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में देर रात पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। घटना रविवार रात करीब 2 बजे की है, जब पुलिस टीम नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने बिजली घर के पास जीरो पुश्ता रोड पर एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को देखा, जिस पर एक व्यक्ति सवार था। संदिग्ध को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस के इशारे को नज़रअंदाज़ कर दिया और मौके से भागने की कोशिश की।
पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो आरोपी ने अचानक पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली कांस्टेबल परमजीत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी और वह गिर पड़ा। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच में पता चला कि पकड़ा गया आरोपी पहले से ही न्यू उस्मानपुर थाने में धारा 309(4) 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था। इसके अलावा वह वेलकम थाने में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामले में भी संलिप्त पाया गया है। पुलिस को आरोपी के पास से एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी और लूट जैसी वारदातों में शामिल रहा है और हाल ही में किसी बड़ी वारदात की फिराक में था।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसके साथ कोई और साथी था या नहीं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।



