आतंकवादियों की कमर तोड़ने के लिए आज NIA और ED ने तमिलनाडु, केरल समेत 13 राज्यों में PFI के ठिकानों पर छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिन राज्यों में एनआईए ने छापेमारी की है उनमें केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, असम, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र शामिल हैं। पीएफआई और उससे जुड़े लोगों की ट्रेनिंग गतिविधियों, टेरर फंडिंग और लोगों को संगठन से जोड़ने के खिलाफ ये अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इस संख्या में और इजाफा हो सकता है। जांच एजेंसियों ने पीएफआई के प्रदेश और जिला स्तरीय नेताओं के घर पर रेड की है। साथ ही इस बार एजेंसियों ने मलप्पुरम जिले के मंजेरी में पार्टी के चेयरमैन सलाम पर भी शिकंजा कसा है। उन्हें हिरासत में लिया गया है। सलाम के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
दिल्ली में PFI हेड परवेज अहमद गिरफ्तार
जांच एजेंसी ने दिल्ली में पीएफआई के हेड परवेज आलम को गिरफ्तार किया गया है। आतंकी कनेक्शन को लेकर जांच एजंसियों के रडार पर आई एजेंसी के 3 एजेंट को दिल्ली में पकड़ा गया है। नोएडा में भी एटीएस और एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है। इस बीच दिल्ली में एनआईए के दफ्तर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। देश के कई हिस्सों में छापेमारी के खिलाफ संगठन के सदस्य सड़कों पर विरोध जताने उतर गए हैं।



