छात्राओं को साइकिल बांटने में भाजपा सरकार ने किया है बड़ा घोटाला : अरुण तोमर
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर साइकिल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया है। आप का दावा है कि दिल्ली में गरीब छात्राओं को बांटने के लिए खरीदी गई 1 लाख 30 हजार साइकिलों में महा घोटाला हुआ है। दिल्ली सरकार पर लगाए गए आप के आरोप पर बात करते हुए घोंडा विधानसभा से आम आदमी पार्टी के पूर्व संगठन मंत्री अरुण तोमर ने कहा की जनहित योजना के नाम पर घोटाला किया है दिल्ली सरकार ने। उन्होंने बताया कि छात्राओं को बांटी गई साइकिलों में ना तो सही रिम है, ना ही सही टायर, ऊपर से लोकल पार्ट्स वाली साइकिलों को हीरो हाई क्लास स्काईलर बताकर छात्राओं को बांट दिया गया है। श्री तोमर ने कहा कि दिल्ली सरकार ने साइकिल खरीद में बहुत बड़ा घोटाला किया है, उनका कहना है कि जो साइकिल ओरिजिनल पार्ट्स के साथ बाजार में सिर्फ 4,200 रुपए में मिलती है, भाजपा सरकार ने उसे 6,957 रुपए प्रति साइकिल के हिसाब से खरीदा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने स्कूली छात्राओं में बांटी गई साइकिल और रिटेल में खरीदी गई साइकिल को आमने सामने कर भाजपा सरकार के साइकिल घोटाले की पोल खोली है। श्री तोमर ने बताया कि भाजपा की सात हजार वाली घोटाला साइकिल से 4200 वाली साइकिल बेहतर है। उन्होंने कहा कि सरकारी साइकिल पर स्काइलर का नकली स्टीकर लगा है क्योंकि एक साल पहले ही कंपनी ने यह मॉडल बनाना बंद कर दिया था। श्री तोमर ने कहा कि जो साइकिल आम आदमी पार्टी ने खरीदी, उसका टायर, रिम और ब्रेक ब्रांडेड हैं लेकिन सरकारी साइकिल के लोकल व सस्ते हैं। उन्होंने कहा कि जो भाजपा कल तक आम आदमी पार्टी पर बेबुनियादी व घोटाले के झूठे आरोप लगाती थी, आज उसी भाजपा के घोटाले का पूरे सबूतों के साथ पर्दाफाश किया है आम आदमी पार्टी ने। श्री तोमर ने कहा कि भाजपा कोई भी कार्य को या किसी भी योजना को जनता के हित को ध्यान में रखते हुए नहीं बल्कि सिर्फ अपने हित को ध्यान में रखते हुए करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक झूठी, भ्रष्ट और घोटालेबाज पार्टी है जिसके राज में जनता के ऊपर अन्याय होता है, उनका शोषण होता है।



