थोड़ी बारिश और बुराड़ी जलमग्न, टूटी सड़को और जलजमाव के चलते बाकी दिल्ली से कट जाती है बुराड़ी : आदेश भारद्वाज
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : दिल्ली के बुराड़ी में नालों की नियमित और प्रभावी सफाई न होने के कारण थोड़ी-सी बारिश में ही पहले से ही टूटी सड़कें और गलियां पानी से भर जाती हैं। इससे डीटीसी बसें और अन्य वाहन बुराड़ी के बाहर तक रुक जाते हैं। नतीजा यह कि बुराड़ी, नत्थूपुरा, इब्राहिमपुर, कौशिक एनक्लेव और अमृत विहार जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के लाखों निवासी राजधानी के बाकी हिस्से से कट जाते हैं। पैदल स्कूल जाने वाले बच्चे गंदे पानी में चलने को मजबूर हैं, जबकि जमा पानी दिनों तक पड़ा रहता है और गंदगी व बीमारियों का खतरा बढ़ाता रहता है। क्षेत्र में बरसाती मौसम के आते ही इस तरह की होने वाली समस्याओं को लेकर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और करावल नगर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आदेश भारद्वाज का कहना है कि इस तरह की परेशानियां कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक लापरवाही और गलत प्राथमिकताओं का नतीजा है। नालों में गाद, कचरा और अवैध अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। थोड़ी बारिश होते ही मुख्य 100 फूटे मार्ग और अंदरूनी सड़कें दलदल बन जाती हैं। डीटीसी बसें रूट बदलने या रद्द करने को मजबूर होती हैं, जिससे आम लोगों की आवाजाही ठप पड़ जाती है। बच्चे स्कूल पहुंचने में देरी करते हैं या खतरे में पड़ते हैं, जबकि बुजुर्ग और मरीज अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी झेलते हैं। जनवरी 2026 से लेकर आज तक रेखा गुप्ता जी स्वयं 5 बार अलग अलग मौकों पर जलजमाव ना होने देने और नालों की सफाई का दावा कर चुकी हैं। तो आज वह आखिर क्यों बार-बार जलभराव की समस्या को नजरअंदाज कर रही है? क्या सिल्ट निकालने के बाद उसे समय पर हटाने की व्यवस्था नहीं है |



