Home देश दुनिया NEET PG 2026: अगस्त में होगी नीट पीजी परीक्षा, रजिस्ट्रेशन शुरू, NBEMS...

NEET PG 2026: अगस्त में होगी नीट पीजी परीक्षा, रजिस्ट्रेशन शुरू, NBEMS ने जारी किया पूरा शेड्यूल

0
3

NEET PG 2026: अगस्त में होगी नीट पीजी परीक्षा, रजिस्ट्रेशन शुरू, NBEMS ने जारी किया पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली, 1 जुलाई : एमबीबीएस के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन मेडिकल कोर्स में प्रवेश की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट पीजी 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा का विस्तृत सूचना बुलेटिन और पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी आवेदन, परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड, परीक्षा शहर और अन्य जरूरी जानकारी एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

जारी सूचना के अनुसार, नीट पीजी 2026 का आयोजन 30 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से एमडी, एमएस, पीजी डिप्लोमा, पोस्ट एमबीबीएस डीएनबी, छह वर्षीय डीआरएनबी और एनबीईएमएस डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 21 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पात्रता के संबंध में एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार के पास भारत से मान्यता प्राप्त एमबीबीएस डिग्री होनी चाहिए। साथ ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी), पूर्ववर्ती मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) या संबंधित राज्य चिकित्सा परिषद द्वारा जारी प्रोविजनल अथवा स्थायी पंजीकरण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार ने एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी कर ली हो या अधिकतम 30 सितंबर 2026 तक इंटर्नशिप पूरी कर लेनी चाहिए। यदि किसी अभ्यर्थी की इंटर्नशिप इस तिथि के बाद पूरी होती है, तो वह नीट पीजी 2026 के लिए पात्र नहीं होगा।

विदेश से मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों और विदेशी नागरिकों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए एनबीईएमएस द्वारा आयोजित फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। साथ ही उन्हें 30 सितंबर 2026 तक इंटर्नशिप पूरी करनी होगी और आवेदन से पहले आवश्यक नियामकीय एवं गृह मंत्रालय की स्वीकृतियां भी प्राप्त करनी होंगी।

आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 3500 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के अभ्यर्थियों को 2500 रुपये का शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम जैसे क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा अन्य उपलब्ध डिजिटल भुगतान विकल्पों से किया जा सकेगा। एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जमा होने के बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

एनबीईएमएस ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सूचना बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ें और सभी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। किसी भी त्रुटि या अधूरी जानकारी के कारण आवेदन निरस्त किया जा सकता है। इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here