Home देश दुनिया Indore Fire: इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से गैस...

Indore Fire: इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से गैस सिलेंडर फटने से 8 की मौत

0
27

Indore Fire: इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से गैस सिलेंडर फटने से 8 की मौत

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तिलक थाना क्षेत्र से मंगलवार रात दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। बंगाली चौराहे के पास प्रीति नगर में एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। इस हादसे में मकान मालिक मनोज पुगलिया समेत आठ लोगों की जलकर मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रॉनिक कार चार्जिंग पर थी। चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। डरावनी घटना यह थी कि मकान में लगभग 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग फैलते ही चार गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए, जिससे मकान के अंदर और आसपास का पूरा इलाका दहल उठा।

स्थानीय लोग और पड़ोसी रात के समय अचानक उठी आग और धमाकों की आवाज सुनकर सकते में आ गए। उन्होंने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तीव्र आग और सिलेंडर धमाकों के कारण बचाव कार्य बेहद कठिन हो गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है और मृतकों की शिनाख्त के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट और घर में रखे गैस सिलेंडरों के भंडारण को मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करवा दिया है और लोगों से अपील की है कि वे राहत और बचाव कार्यों में बाधा न डालें।

इस भीषण आग ने इंदौर में रिहायशी इलाकों में सुरक्षा और आग से बचाव के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारी अब इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों और चार्जिंग पॉइंट्स के सुरक्षित उपयोग की समीक्षा करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here